गृहयुद्ध की आग में झुलस रहे यमन में अल सदा पोत पर आग लगने से दो भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि तीन घायल हो गए हैं। सोमवार को यह जानकारी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दी। यमन में शिया हूथी विद्रोहियों और सरकार के बीच जबरदस्त संघर्ष चल रहा है। इस मौके का फायदा वहां पर सक्रिय अल कायदा और इस्लामिक स्टेट जैसे खतरनाक अंतरराष्ट्रीय संगठन भी उठा रहे हैं।
सुषमा ने अपने ट्वीट में कहा, ‘अल सदा पोत पर आग लगने की वजह से हमने दो भारतीय नाविकों महेश कुमार राजगोपाल और दीपू लतिका मोहन को खो दिया है। उन्हें मेरी श्रद्धांजलि। जबकि तीन भारतीय नाविक घायल हो गए हैं। इन तीनों को ओमान के सुल्तान कबूस अस्पताल सलालाह में भर्ती कराया गया है।’
विदेश मंत्री ने कहा कि घायलों में से एक चेन्नई के नाविक अतुल बोरकर की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि बाकी दो लखनऊ के अलाउद्दीन और गाजियाबाद के तेजवीर सिंह खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
सुषमा ने बताया कि तीनों घायलों को ओमान के सलालाह में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिबूती और ओमान में स्थित हमारे मिशन हर किस्म की सहायता मुहैया करा रहे हैं। अपने एक और ट्वीट में विदेश मंत्री ने कहा कि यमन में फंसी केरल की सिस्टर सैली सुरक्षित हैं और सोमवार को वह सुरक्षित निकल आई हैं।