अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को रक्षा मंत्रालय के पास हुए तालिबान के दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई जबकि 91 लोग घायल हो गए। इन धमाकों की जिम्मेदारी आतंकी समूह तालिबान ने ली है। इन हमलों को अमेरिका समर्थित सरकार के खिलाफ तालिबान द्वारा छेड़े गए युद्ध के रूप में देखा जा रहा है।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सादिक सिद्दीकी के अनुसार, काबुल में रक्षा मंत्रालय के पास पैदल चलकर आए दो आत्मघाती हमलावरों ने एक के बाद एक खुद को उड़ा लिया। इन हमलों में कई पुलिसकर्मी व नागरिक मारे गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता वाहिद मजरूह ने कहा कि इन हमलों में 24 लोगों की मौत हो गई है। घायलों में कुछ की हालात गंभीर है।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने इन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उधर, तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने कहा कि सोमवार को रक्षा मंत्रालय और पुलिस पर हमने दो आत्मघाती हमले किए। उसने दर्जनभर सैनिकों और अधिकारियों के मारे जाने का दावा किया। यह हमला काबुल के अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ अफगानिस्तान पर हमले में 16 लोगों के मारे जाने के एक हफ्ते बाद किया गया है।