बेल्जियम के अधिकारियों ने पेरिस आतंकी हमले के संदिग्ध सलाह अब्देसलाम को फ्रांस को प्रत्यर्पित करने को मंजूरी दे दी है।
वहीं, बम धमाके में क्षतिग्रस्त हुए ब्रसेल्स हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि हवाई अड्डा दोबारा से खुलने के लिए तैयार है, लेकिन फिलहाल विमान उड़ान नहीं भरेंगे। अब्देसलाम नवंबर के पेरिस आतंकी हमले का अकेला जीवित संदिग्ध है, जिसको हमले के चार महीने बाद 18 मार्च को ब्रसेल्स से गिरफ्तार किया गया था।
अब्देसलाम की गिरफ्तारी के चार दिन बाद ही आतंकी संगठन आईएस ने बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स स्थित हवाई अड्डे और मेट्रो स्टेशन पर आत्मघाती बम धमाके किए। 26 वर्षीय आतंकी अब्देसलाम के वकील ने बताया कि उनका मुवक्किल यूरोपीय गिरफ्तारी वारंट के तहत फ्रांस हस्तांतरित होने को राजी है।
इससे अब्देसलाम को जल्द फ्रांस को प्रत्यर्पित करने का रास्ता साफ हो गया। फ्रांस के न्याय मंत्री जीन जैक्स उरवोआस ने बताया कि अब्देसलाम का 10 दिन के भीतर प्रत्यर्पण किया जाएगा। हालांकि बेल्जियम के जांचकर्ता फ्रांस में अब्देसलाम से पूछताछ आगे भी कर सकेंगे।