अमेरिका में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने फहराया तिरंगा
- फोटो : ANI
75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिका में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू और मिशन के उप प्रमुख श्रीप्रिया रंगनाथन ने वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने तिरंगा फहराया।
अमेरिका में रहने वाले भारतवंशियों ने मनाया जश्न
गणतंत्र दिवस के दिन संविधान को आत्मार्पित करने का जश्न मनाते हुए देश के कई हिस्सों में रहने वाले भारतवंशियों ने भी इस राष्ट्रीय पर्व को जमकर सेलिब्रेट किया। वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में ध्वजारोहण के दौरान कार्यक्रम में भी मिशन की उप प्रमुख श्रीप्रिया रंगनाथन और दूतावास के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कई वैश्विक नेताओं ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं
बता दें कि इस वर्ष भारत 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है । 26 जनवरी 1950 को संविधान अपनाने और संप्रभुता का उद्घोष करने के प्रतीक रूप में भारत हर साल 26 जनवरी को जश्न मनाता है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीस, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह सहित कई वैश्विक नेताओं ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भेजीं।
ब्रिटेन में भारतीय राजदूत ने फहराया तिरंगा, उच्चायोग में ध्वजारोहण समारोह
- फोटो : ANI
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। लंदन में भारतीय दूतावास में तिरंगा फहराने के बाद दोराईस्वामी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से भेजे गए राष्ट्र के नाम संबोधन के कुछ अंश पढ़कर सुनाए। लंदन उच्चायोग में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय अभिनेता बमन ईरानी भी मौजूद रहे। बमन अपनी पत्नी जेनोबिया ईरानी के साथ मौजूद रहे।
समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक लंदन में भारतीय दूतावास में आयोजित समारोह में भारतवंशियों के साथ उन्होंने फुरसत के लम्हे गुजारे। 'सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा...' गाने के लिए लविशा और दलिशा नाम की दो किशोरियों को बमन ने बधाई भी दी।
स्विटजरलैड में भारतीय राजदूत अरिंदम बागची ने फहराया तिरंगा
- फोटो : ANI
स्विटजरलैंड के जिनेवा में भी ध्वाजारोहण किया गया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि भी दी। बागची ने भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्हें 'भारत का मित्र' करार दिया। आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर बागची ने लिखा, जिनेवा में भारतीय दूतावास में 75वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। स्थायी प्रतिनिधि बागची के राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की तरफ भी भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
तिरंगा फहराते भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल खान
- फोटो : एएनआई
सऊदी अरब में भारतीय समुदाय ने मनाया जश्न
गणतंत्र दिवस के मौके पर सऊदी में भारतीय समुदाय ने दूतावास में ध्वजारोहण समारोह में भाग लिया। राजदूत सुहेल खान ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देश के नाम संबोधन के अंश पढ़कर सुनाए। भारतीय दूतावास ने एक्स पर कहा, दूतावास में आज 75वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। राजदूत सुहेल खान ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संबोधन को पढ़ा। देशभक्ति से भरे हुए भारतीय समुदाय ने उत्साहपूर्वक ध्वजारोहण समारोह में भाग लिया।
कीव में भारतीय दूतावास ने मनाया गणतंत्र दिवस का जश्न।
- फोटो : एएनआई
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने मनाया गणतंत्र दिवस
75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर यूक्रेन में भारत के राजदूत हर्ष जैन ने शुक्रवार को कीव स्थित दूतावास में तिरंगा फहराया। दूतावास ने इस क्षण को सोशल मीडिया पर साझा किया। राजदूत ने भारत और यूक्रेन के लोगों की शांति, कल्याण और समृद्धि की कामना की।