कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। गुरुवार सात सितंबर को वे ब्रसेल्स, बेल्जियम में यूरोपीय संसद में एमईपी के एक बैठक में हिस्सा भी लिया था। इस बैठक के दूसरे दिन एक यू-ट्यूब चैनल पर उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध पर बातचीत की।
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि विपक्ष इस संघर्ष (रूस और यूक्रेन के बीच) पर भारत की वर्तमान स्थिति से सहमत होगा। रूस के साथ हमारे संबंध अच्छे हैं। मुझे नहीं लगता कि इसमें सरकार वर्तमान में जो प्रस्ताव रख रही है इससे विपक्ष का कोई अलग रुख होगा।'
खरगे को जी20 सम्मेलन के रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं करने पर बोले राहुल
जी20 शिखर सम्मेलन के रात्रिभोज में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने कहा, 'इसमें विरोध करने का कुछ नहीं है। उन्होंने विपक्षी नेता को आमंत्रित नहीं करने का निर्णय लिया है। यह बताता है कि वह भारत के 60 प्रतिशत आबादी के नेता को महत्व नहीं देते हैं। यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में लोगों को सोचना चाहिए। लोगों को यह सोचना चाहिए कि उन्हें ऐसा करने की क्या जरूरत पड़ी। इसके पीछे किस प्रकार की सोच है।'
जी20 एक अहम मुद्दा: राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मुझे लगा है कि जी20 एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। यह बहुत अच्छी बात है कि भारत इसकी अध्यक्षता कर रहा है। हां, भारत में कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिसकी रूपरेखा के लिए हम उन मुद्दों को उठाते हैं।'
भारत और इंडिया विवाद पर राहुल गांधी ने कहा, संविधान में देश का नाम ‘इंडिया, जो भारत है’मैं उससे पूरी तरह से खुश हूं। मुझे लगता है कि यह (नाम बदलने की बात) घबराहट में किया गया है, ध्यान भटकाने का प्रयास है। हमने अपने गठबंधन को ‘इंडिया’ नाम दिया है, इससे प्रधानमंत्री परेशान हो गए कि वह देश का नाम बदलना चाहते हैं।
अडानी और कश्मीर मुद्दे पर भी बात की
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि जब भी वह अडाणी या मित्रवादी पूंजीपतियों का नाम लेते हैं तो प्रधानमंत्री ध्यान भटकाने की तरकीब लेकर आ जाते हैं। कश्मीर से संबंधित प्रश्न पर कांग्रेसी नेता ने कहा, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। यहां भारत के अलावा कोई और मतलब नहीं है। हमने कार्य समिति में प्रस्ताव पारित किया है, जब हम लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुरक्षा की बात कर रहे हैं, तो इसमें कश्मीर समेत देश सभी हिस्सों की बात करते हैं।
दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले विश्व स्तरीय नेताओं का आगमन भी शुरू हो गया है। भारत ने पिछले साल नवंबर में जी20 की अध्यक्षता संभाली थी और इसकी अगली अध्यक्षता अगले साल ब्राजील को सौंपी जाएगी। उसके बाद साल 2025 में साउथ अफ्रीका को अध्यक्षता सौंपी जाएगी।