नेपाल के राजनीतिक हलकों में राजतंत्र समर्थक राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के नए अध्यक्ष राजेंद्र लिंग्डेन की एक टिप्पणी से हलचल मची हुई है। लिंग्डेन ने एक बयान सत्ताधारी नेपाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में दिया था। नेपाल की परंपरा के मुताबिक नेपाली कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में दूसरे दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया। उसी दौरान लिंग्डेन ने कहा- जब नेता गांवों में जाते हैं, तो गांव के लोग कहते हैं कि देखो चोर आया है।
पर्यवेक्षकों के मुताबिक नेपाल के ज्यादातर दूसरे दलों ने लिंग्डेन की इस टिप्पणी को उनके लोकतंत्र को बदनाम करने के इरादे का संकेत माना है। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी देश में राजतंत्र और हिंदू राष्ट्र की वापसी चाहती है। जबकि बाकी तमाम प्रमुख दल लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के समर्थक हैं। नेपाली मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक लिंग्डेन की इस टिप्पणी से नेपाली कांग्रेस के उद्घाटन सत्र में आए तमाम दलों के नेता भड़क गए। उनमें कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफिड सोशलिस्ट) के अध्यक्ष माधव कुमार नेपाल, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओइस्ट सेंटर) के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल, और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली शामिल हैं।
लोकतंत्र समर्थक राजनेताओं की सख्त प्रतिक्रिया के बावजूद राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि देश में सचमुच लोगों का राजनेताओं में भरोसा घटा है। त्रिभुवन यूनिवर्सिटी में राजनीति शास्त्र विभाग के प्रमुख रामकृष्ण तिवारी ने अखबार काठमांडू पोस्ट से कहा- ‘नेता अच्छी तरह जानते हैं कि जनता का उनमें भरोसा घट रहा है। इसीलिए उन्होंने एक राजतंत्र समर्थक नेता के तुच्छ बयान पर इतनी कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।’ लोकतंत्र समर्थक एतिहासिक जन आंदोलन के बाद राजा ज्ञानेंद्र जून 2008 में राजभवन छोड़ कर चले गए थे। तब से वे काठमांडू के पास ही नागार्जुन पहाड़ी पर बने एक भवन में रहते हैं।