अपने बच्चों के साथ वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन
- फोटो : एक्स/द प्रिंस एंड प्रिंसेस ऑफ वेल्स
वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। दरअसल, कैंसर का पता लगने के बाद वह आज पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखीं हैं। केट आज बकिंघम पैलेस की बालकनी में शाही परिवार के सदस्यों के साथ नजर आईं। वह अपने तीनों बच्चों जॉर्ज, प्रिंसेस शार्लोट और प्रिंस लुइस के साथ 'ट्रूपिंग द कलर' समारोह के लिए बकिंघम पैलेस पहुंचीं। ट्रूपिंग द कलर का आयोजन हर साल जून में किया जाता है। इसे किंग के आधिकारिक जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है।
कैट और उनके परिवार को एक रीगल मैरून कार में बंकिंघम पैलेस तक ले जाते हुए देखा गया। अपनी पहली सार्वजनिक मौजूदगी से पहले हाल के महीनों में उन्हें एक सफेट टोपी के साथ सफेद रंग की पोशाक पहने हुए देखा गया था। केट ने जैसे ही पैलेस में प्रवेश किया। कई लोग उन्हें देखने के लिए उत्साहित दिखे।
मिडलटन पेट की सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती हुईं थीं, लेकिन सर्जरी के दौरान ही उन्हें कैसर से पीड़ित होने का पता चला। मार्च में केट मिडलटन ने सार्वजनिक बयान जारी कर कहा कि वह कैंसर का इलाज करा रही हैं और जब तक उनकी तबीयत ठीक नहीं हो जाती, वे सार्वजनिक जिम्मेदारियों से दूर रहेंगी।
केट मिडलटन ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था, मैं ठीक हूं और हर दिन मजबूत हो रही हूं। केट ने कहा था कि सर्जरी से उबरने के दौरान आपके समर्थन और शुभकामना संदेशों के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद कहना चाहती हूं। ये दो महीने हमारे पूरे परिवार के लिए अविश्वसनीय रूप से कठिनाई भरे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, मेरे पास एक शानदार मेडिकल टीम है, जिसने मेरी बहुत देखभाल की है। इसके लिए मैं मेडिकल टीम की बहुत आभारी हूं।
इससे पहले, किंग चार्ल्स ने भी फरवरी में खुलासा किया था कि उन्हें भी कैंसर का इलाज कराना है। इसके चलते उन्हें अपने सार्वजनिक शाही कर्तव्यों को स्थगित करना पड़ा था। उनके कार्यालय ने कहा था कि वह कैंसर के प्रकार के बारे में कोई जानकारी नहीं देगा। वह ठीक होने की राह पर हैं और निवारक कीमोथेरेपी फरवरी में शुरू हो गई थी।