मेगन मार्केल-प्रिंस हैरी (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
लंदन। शाही घराना छोड़ने के बाद प्रिंस हैरी अपनी पत्नी मेगन और आठ माह के बेटे आर्ची से मिलने के लिए मंगलवार को कनाडा पहुंच गए। उन्हें वैंकूवर एयरपोर्ट से बाहर निकलते देखा गया। बता दें कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने सप्ताहांत राजवंश से उनके अलग होने की औपचारिकताओं को पूरा किया जिसके बाद हैरी कनाडा के लिए रवाना हो गए थे।
डेली टेलीग्राफ की खबर के मुताबिक, ऐसा माना जा रहा है कि ड्यूक ऑफ ससेक्स राजवंश से उनके अलग होने की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सोमवार शाम ब्रिटेन से कनाडा के लिए रवाना हो गए थे। खबर के अनुसार लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से शाम साढ़े पांच बजे वह वैंकुवर के लिए रवाना हुए।
मेगन आठ माह के बेटे आर्ची के साथ पहले से कनाडा में हैं और वह लंबित शाही कार्यों के लिए कुछ समय के लिए ब्रिटेन लौट सकती हैं जब तक कि नया समझौता अमल में नहीं आ जाता। इस समझौते के तहत हैरी और उनकी पत्नी मेगन को शाही उपाधि ‘हिज रॉयल हाइनेस’ और ‘हर रॉयल हाईनेस’ (एचआरएच) को छोड़ना होगा और अपने कर्तव्यों के खर्च के लिए वे सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल भी नहीं कर पाएंगे।