प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका दौरे पर जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक दशक बाद आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में पीएम मोदी का संबोधन भी प्रस्तावित है। न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में पीएम मोदी विशाल सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के विशाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। लगभग 16 हजार लोगों की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम का आयोजन न्यूयॉर्क में किया जाना है। पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा से जुड़ी इस रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र के लिए न्यूयॉर्क आएंगे। इस समारोह से इतर न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में विशाल सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना है। नासाउ कोलिज़ियम में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी जनता को संबोधित करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा में 26 सितंबर को उनका संबोधन होगा।
विज्ञापन
टेक्सास में हाउडी मोदी और मैडिसन स्क्वायर गार्डन के कार्यक्रम खूब चर्चित रहे हैं
गौरतलब है कि इससे पहले पीएम मोदी ने पहले कार्यकाल में पदभार संभालने के कुछ ही महीने बाद सितंबर, 2014 में आयोजित कार्यक्रम में मैडिसन स्क्वायर गार्डन में विशाल सभा को संबोधित किया था। इसके अलावा प्रधानमंत्री टेक्सास के ह्यूस्टन में आयोजित 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम को भी संबोधित किया था। इसे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में आयोजित रैली के रूप में देखा गया था।
संयुक्त राष्ट्र से इतर मोदी का सामुदायिक कार्यक्रम, डेढ़ महीने बाद राष्ट्रपति चुनाव
खबरों के मुताबिक यूएनजीए की 79वीं बैठक 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। 26 सितंबर की दोपहर के सत्र में पीएम मोदी संबोधित कर सकते हैं। हालांकि, वक्ताओं की सूची में अंतिम समय में कुछ बदलाव भी संभव है, ऐसे में प्रधानमंत्री के संबोधन का समय भी बदल सकता है। संयुक्त राष्ट्र से इतर न्यूयॉर्क में मोदी के प्रस्तावित सामुदायिक कार्यक्रम की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि इसी साल पांच नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव भी होने वाले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में इस बार रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप और भारतवंशी डेमोक्रेट प्रत्याशी कमला हैरिस के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा है।