जुलाई-दिसंबर में पाक का विदेशी कर्ज बढ़कर 10.4 अरब डॉलर
एक तरफ पाकिस्तान में अंदरूनी राजनीति चरम पर है और दूसरी तरफ देश की माली हालत बिगड़ती जा रही है। पाकिस्तान ने गत छह माह में 10.4 अरब डॉलर का कर्ज लिया, जो इसी अवधि की तुलना में 78 फीसदी अधिक था। आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के जुलाई-दिसंबर के दौरान सकल विदेशी कर्ज 9.3 अरब डॉलर रहा। उधर, सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कहा है कि सरकार पुराने कर्ज को चुकाने के लिए विदेशी कर्ज ले रही है।
पाक एनएसए बोले, अफगानिस्तान से बिगड़ सकते हैं रिश्ते
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद यूसुफ ने कहा है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रिश्ते बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा, अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच डूरंड सीमा रेखा पर फेंसिंग विवाद के बावजूद दोनों देशों की सरकारें मिलकर काम करने की कोशिश कर रही हैं।
लेकिन अफगानिस्तान में तालिबान का विरोध करने वाले लोग इस मुद्दे को भड़का रहे हैं। उन्होंने कहा, अफगानिस्तान में कई आतंकी गुट सक्रिय हैं जिनके चलते दो देशों में रिश्ते बिगड़ सकते हैं। उन्होंने नेशनल असेंबली की विदेश मामलों की स्थायी समिति को आंतरिक और विदेशी सुरक्षा स्थिति पर एक ब्रीफिंग में यह बात कही है।