एक इंटरव्यू में अमिताभ कांत की टिप्पणी को टैग करते हुए थरूर ने कहा कि रूस-यूक्रेन पर पैराग्राफ पर आम सहमति कैसे हासिल की गई। बहुत अच्छा अमिताभ कांत! ऐसा लगता है कि जब आपने आईएएस का विकल्प चुना तो आईएएफएस ने एक शीर्ष राजनयिक को खो दिया।
इससे पहले शनिवार देर रात थरूरत ने अपने एक्स पोस्ट में कहा, भारत के जी-20 शेरपा ने दिल्ली घोषणा पत्र पर कहा कि रूस और चीन के साथ बातचीत हुई, कल रात ही अंतिम मसौदा मिला। जी-20 में भारत के लिए गर्व करने वाला क्षण है।
थरूर ने रविवार को अपने पहले के पोस्ट को टैग करते हुए कहा, 'इस कूटनीतिक जीत से ज्यादा दुखद यह है कि सरकार अपने घरेलू मसौदों में सुलह और सहयोग का वैसा रवैया नहीं अपनाती है।' उन्होंने कहा, 'जी-20 के किसी भी कार्यक्रम, स्वागत समारोह, रात्रिभोज आदि में विपक्ष के नेता और किसी भी विपक्षी सांसद को आमंत्रित करने में विफलता मेरी बात को रेखांकित करती है। कोई अन्य लोकतंत्र वैश्विक मंच पर अपने ही संसदीय सहयोगियों को इस तरह से अपमानित नहीं करेगा।'
उन्होंने कहा, 'अफसोस की बात है कि जी-20 में जो सामंजस्य की भावना थी, वह भारतीय राजनीति में नहीं है।' जी-20 शिखर सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध पर बड़े मतभेदों को दूर करते हुए आम सहमति से घोषणापत्र स्वीकार किए जाने के बाद भारत ने शनिवार को बड़ी कूटनीतिक जीत हासिल की।
जी-20 रात्रिभोज में जाने पर कांग्रेस का ममता पर निशाना
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने जी-20 शिखर सम्मेलन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के फैसले पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या इससे नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ उनका रुख कमजोर नहीं होगा। चौधरी ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि क्या तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो के कार्यक्रम में हिस्सा लेने का कोई अन्य कारण है।
टीएमसी ने किया पलटवार
तृणमूल कांग्रेस ने चौधरी पर पलटवार करते हुए कहा कि बनर्जी गैर-भाजपा गठबंधन 'इंडिया' के समर्थकों में से एक हैं और कांग्रेस नेता को प्रशासनिक दृष्टिकोण से पालन किए जाने वाले कुछ प्रोटोकॉल के बारे में उन्हें लेक्चर देने की आवश्यकता नहीं है। अधीर रंजन चौधरी कहा, 'जब कई गैर-भाजपा मुख्यमंत्रियों ने रात्रिभोज में शामिल होने से परहेज किया तो दीदी (ममता बनर्जी) एक दिन पहले ही दिल्ली चली गईं। वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक ही कमरे में इस अवसर पर शामिल हुईं।'