यूट्यूबर अली खान ने ये भी बताया कि जब वह फ्लाइट में वीडियो शूट कर रहे थे तो उन्हें ऐसा करने से क्रू ने रोक दिया। यूट्यूबर ने पीआईए में सफर को दुनिया में सबसे खतरनाक बताया।
पाकिस्तान की एयरलाइंस पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) को साल 2020 में यूरोपीय संघ में प्रतिबंधित कर दिया गया था। अब एक बार फिर पीआईए नकारात्मक कारणों से चर्चा में है। दरअसल एक युवक ने पीआईए का एक वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। युवक ने पीआईए में सफर को दुनिया में सबसे खतरनाक सफर करार दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो
पाकिस्तान मूल के एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अली खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में अली खान ने पीआईए में सफर के अपने अनुभव के बारे में बताया है। वीडियो में दिख रहा है कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की कुर्सियां धूल से गंदी हैं और उनके हैंडल भी टूटे हुए हैं। विमान के केबिन भी टूटे हुए हैं और उन्हें टेप से चिपकाया गया था।
यूट्यूबर अली खान ने ये भी बताया कि जब वह फ्लाइट में वीडियो शूट कर रहे थे तो उन्हें ऐसा करने से क्रू ने रोक दिया। यूट्यूबर ने पीआईए में सफर को दुनिया में सबसे खतरनाक बताया। युवक ने कहा कि 'पाकिस्तान की पूरी दुनिया में अच्छी छवि नहीं है और जब आपकी राष्ट्रीय एयरलाइंस भी पूरे महाद्वीप में प्रतिबंधित हो तो इससे भी हालात खराब ही होंगे।' इस वीडियो को सोशल मीडिया पर सात लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
विज्ञापन
पाकिस्तान एयरलाइंस दुनियाभर में है बदनाम
दुनियाभर में पाकिस्तान एयरलाइंस की छवि बदनाम है। दरअसल पीआईए में काम कर रहे कई पायलट के लाइसेंस जांच के दौरान फर्जी पाए गए थे। जिसके बाद साल 2020 में पीआईए को यूरोप और अमेरिका में प्रतिबंधित कर दिया गया था। अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन ने पाकिस्तान की सरकार को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने की सलाह दी थी।