पाकिस्तान में इन दिनों सियासी संकट चल रहा है। इसके चलते प्रधानमंत्री इमरान खान को अपनी कुर्सी भी गंवानी पड़ सकती है। एक तरफ पूरा विपक्ष उनकी आलोचना में जुटा हुआ है तो इसमें अब उनकी पूर्व पत्नी रेहम खान भी कूद गई हैं। इमरान की पत्नी ने ट्वीट किया कि, इमरान अब इतिहास हो गए हैं।
रेहम खान ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि, इमरान अब इतिहास हैं। मुझे लगता है कि हमें उनकी गंदगी को साफ करने के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए, जो नए पाकिस्तान ने छोड़ दी है। दरअसल, इमरान खान 2018 में नया पाकिस्तान नारे से ही सत्ता में आए थे। रेहम खान ने इससे पहले कहा था कि, इमरान खान के पास सबकुछ है, लेकिन इस आदमी के पास अक्ल नहीं है। उन्होंने कहा कि आप जब पीएम नहीं थे तब पाकिस्तान महान था।
मैं आखिरी गेंद तक खेलता हूं
अविश्वास प्रस्ताव के बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि कभी भी इमरान खान को सत्ता से बेदखल किया जा सकता है। हालांकि, इमरान खान ने खुद से इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है। गुरुवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में इमरान खान ने कहा कि, वह इस्तीफा नहीं देंगे। मैंने 20 साल तक क्रिकेट खेला है, और मैं आखिरी गेंद तक खेलता हूं। मैंने अपने जीवन में कभी हार नहीं मानी है।
इमरान खान की हो सकती है हत्या
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद खान ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव से पहले इमरान खान की हत्या कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि, यह जानकारी खुफिया एजेंसियों की ओर से दी गई है। डॉन अखबार ने चौधरी के हवाले से कहा कि इन खबरों के बाद सरकार के फैसले के मुताबिक खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।