पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को आईएमएफ के प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि वैश्विक ऋणदाता एक या दो दिन के भीतर बेलआउट फंड जारी करने पर अपने निर्णय की घोषणा करेगा। 2019 विस्तारित फंड सुविधा (ईएफएफ) के तहत 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर की किश्त जारी करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष द्वारा पाकिस्तान की नौवीं समीक्षा अभी भी लंबित है और 30 जून को कार्यक्रम की समाप्ति तक एक सप्ताह से भी कम समय बचा हुआ है।
पीएम कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि शरीफ ने जॉर्जीवा के साथ आईएमएफ कार्यक्रम पर चर्चा की और उम्मीद जताई कि बेलआउट कार्यक्रम के बिंदुओं पर समन्वय से वैश्विक ऋणदाता एक या दो दिन में निर्णय ले लेंगे। पाकिस्तान ने 2019 में वाशिंगटन स्थित आईएमएफ के साथ 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर के पैकेज पर हस्ताक्षर किए थे। योजना कई बार पटरी से उतरी और दानकर्ता के इस आग्रह के कारण कि पाकिस्तान को सभी औपचारिकताएं पूरी करनी चाहिए, पूर्ण प्रतिपूर्ति (Reimbursement ) अभी भी लंबित है।
बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान संयुक्त प्रयासों के माध्यम से आर्थिक स्थिति में सुधार के लक्ष्यों को प्राप्त करने के अपने दृढ़ संकल्प को भी दोहराया। पाकिस्तान की सरकार 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर की किश्त पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिसका भुगतान मूल रूप से पिछले साल अक्तूबर में किया जाना था, लेकिन आईएमएफ की शर्तों के कारण इसमें देरी हुई।