पाकिस्तान के विधायक नाजिर चौहान
- फोटो : twitter.com/nazir_chohan
लाहौर पुलिस ने प्रधानमंत्री खान के विशेष सहायक मिर्जा शहजाद अकबर की शिकायत पर पीटीआई के विधायक नाजिर चौहान को गिरफ्तार किया है। नाजिर पार्टी के अलग हो चुके जहांगीर तरीन समूह का हिस्सा हैं। वह पंजाब विधानसभा से विधायक हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब पुलिस के प्रवक्ता राणा आरिफ ने कहा, 'पुलिस ने एमपीए नाजिर चौहान को उनके खिलाफ रेसकोर्स पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के संबंध में गिरफ्तार किया है।'
प्रवक्ता ने आगे कहा कि नाजिर चौहान को संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) की साइबर क्राइम विंग में ले जाया गया है। यहां उनकी उस वीडियो के साथ आवाज का मिलान किया जाएगा जिसमें वह कथित रूप से अकबर की आस्था को चुनौती देते हुए सुनाई दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि नाजिर चौहान ने मई में एक टीवी टॉक शो के दौरान दावा किया था कि अकबर 'कादियानी' हैं। इसके साथ ही नाजिर ने उन्हें शपथ लेकर कहने की चुनौती दी थी कि वह एक मुसलमान हैं अहमदी नहीं।
इसके जवाब में अकबर ने लाहौर पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से भड़काऊ बयान देने और दंगे भड़काने की कोशिश करने समेत विभिन्न धाराओं में नाजिर चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अकबर ने कहा था कि मेरे धार्मिक विश्वासों पर नाजिर चौहान की टिप्पणी के चलते मेरा जीवन खतरे में आ गया है। उन्होंने मेरे खिलाफ धार्मिक नफरत फैलाने की कोशिश की और जान खतरे में डाली।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने इस मामले में मिर्जा शहजाद अकबर का समर्थन किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, 'निजी बदले के लिए धार्मिक कार्ड का इस्तेमाल करना निंदनीय है। लाहौर पुलिस को ऐसी नीची हरकत करने के लिए नाजिर चौहान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।' उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की आबादी करीब 22 करोड़ है और इसमें से एक करोड़ गैर मुसलमान हैं। बता दें कि यहां पर अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं।