फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan: इमरान की पार्टी का दावा- लाहौर में शनिवार को होने वाली रैली से पहले पीटीआई के दर्जनों सदस्य गिरफ्तार

Thu, 19 Sep 2024 04:13 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

पीटीआई नेता सनम जावेद ने कहा कि पंजाब के लोगों, खासकर लाहौर के लोगों के लिए यह एक बहुत बड़ा मौका है, जब वे इमरान खान को समर्थन दिखा सकते हैं। ठीक उसी तरह, जब वे आठ फरवरी को घरों से बाहर आए थे और उनके चुने हुए उम्मीदवारों को वोट किया था।
विज्ञापन
चुनाव में कथित धांधली का इमरान खान की पार्टी ने जताया विरोध - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने गुरुवार को दावा किया कि पंजाब पुलिस ने उसके दर्जनों नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। पीटीआई का आरोप है कि पुलिस की यह कार्रवाई शनिवार को लाहौर में होने वाली उसकी रैली के मद्देनजर की गई है। पार्टी ने दावा किया है कि शनिवार की यह रैली उसकी ताकत दिखाने वाली रैली होगी।
विज्ञापन


पीटीआई के नेता अली एजाज बटर ने कहा कि पुलिस ने पंजाब विधानसभा में वरिष्ठ नेता अफजल फट और दर्जन भर अन्य नेताओं को मीनर-ए-पाकिस्तान मैदान में होने वाली रैली से पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।  उन्होंने कहा कि पीएमएल-एन सरकार की ऐसी फासीवादी चालों के बावजूद लाहौर में ऐतिहासिक रैली होना तय है। 

गौरतलब है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान ने 21 सितंबर को लाहौर में बड़ी रैली का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में घरों से बाहर आकर इस रैली में हिस्सा लेने की अपील की है। 
विज्ञापन


पीटीआई नेता सनम जावेद ने कहा कि पंजाब के लोगों, खासकर लाहौर के लोगों के लिए यह एक बहुत बड़ा मौका है, जब वे इमरान खान को समर्थन दिखा सकते हैं। ठीक उसी तरह, जब वे आठ फरवरी को घरों से बाहर आए थे और उनके चुने हुए उम्मीदवारों को वोट किया था। जावेद ने कहा कि यह एक अहम समय है, जब लोगों को चोरी हुए जनादेश के खिलाफ और देश की युवा आबादी के लिए अपनी आवाज उठानी चाहिए।

लाहौर हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर
इस बीच पीटीआई ने लाहौर हाईकोर्ट में एक याचिका भी दायर की है, जिसमें मरियम नवाज सरकार को यह आदेश देने की मांग की गई है कि वह पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेताओं को परेशान या गिरफ्तार न करे। याचिकाकर्ता की दलील है कि रैली करना किसी भी राजनीतिक दल का संवैधानिक और कानूनी अधिकार है और पीटीआई को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

दूसरी ओर, पीएमएल-एन के एक कार्यकर्ता ने भी लाहौर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है जिसमें अनुरोध किया गया है कि पीटीआई को पंजाब में रैली करने की अनुमति न दी जाए। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें