पाकिस्तान ने बुधवार को एक बार फिर कहा कि उसकी वायुसेना ने 27 फरवरी को दो भारतीय लड़ाकू विमान नष्ट किए थे। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अपने देश की संसद में इस बात की जानकारी दी और इन दोनों विमानां को गिराने वाले पाकिस्तानी पायलटों के नाम सार्वजनिक करते हुए उनकी भी तारीफ की। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती आतंकी हमले में 40 जवानों की मौत हो गई थी।
भारत सरकार ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अपनी वायुसेना को मैदान में उतारा था, जिसने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में चल रहे जैश-ए-मोहम्मद के मुख्य प्रशिक्षण शिविर पर बम गिराकर उसे नष्ट करने का दावा किया था। जवाब में अगले दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय हिस्से में घुसकर हमले की कोशिश की थी। जवाबी कार्रवाई में भारतीय विमानों में से एक मिग-21 ने पाकिस्तानी एफ-16 को मार गिराया था, लेकिन यह विमान खुद भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
इस विमान के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को पाकिस्तानी सेना ने अपनी हिरासत में ले लिया था, जिन्हें 1 मार्च को छोड़ा गया था। लेकिन पाकिस्तान का दावा है कि उसकी वायुसेना ने भारत के दो युद्धक विमानों को मारा है और यह दूसरा विमान भारतीय सीमा में ही जम्मू-कश्मीर में कहीं पर गिरा था। पाकिस्तानी समाचार पत्र डॉन के मुताबिक, विदेश मंत्री कुरैशी ने दो भारतीय विमान मार गिराने वाले दोनों पाकिस्तानी पायलटों की जमकर तारीफ की।
उन्होंने संसद में कहा, पाकिस्तानी वायुसेना ने अपनी हवाई सीमा का उल्लंघन करने वाले दो भारतीय विमानों को मार गिराया था। पहला विमान स्क्वाड्रन लीडर हसन सिद्दीकी ने गिराया था, जबकि दूसरे विमान को मार गिराने का श्रेय विंग कमांडर नौमान अली खान को गया है।
भुट्टो के बधाई देने के बाद दी पूरी जानकारी
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने दो भारतीय विमान गिराए जाने की जानकारी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल अली भुट्टो जरदारी के संबोधन के बाद दी। भुट्टो ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान का मिग-21 विमान मार गिराने के लिए केवल स्क्वाड्रन लीडर सिद्दीकी की ही तारीफ की थी। इसके बाद कुरैशी ने दो भारतीय विमान गिराए जाने और उन्हें चलाने वाले पायलटों के नाम सार्वजनिक किए।
पाकिस्तान के हित में था अभिनंदन को छोड़ना
कुरैशी ने यह भी माना कि भारतीय पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को छोड़ना उनके देश के हित में था। दरअसल बिलावल भुट्टो ने वर्तमान को छोड़ने के फैसले की आलोचना करते हुए इसे प्रधानमंत्री इमरान खान की तरफ से अपरिपक्व तरीके से उठाया गया बताया था। इसका जवाब देते हुए कुरैशी ने कहा, हम सोचते हैं कि इससे एक ऊंचा और साफ संदेश हमारे पड़ोसियों को मिला है तथा इसकी सराहना पूरे विश्व ने की है।