सैम ऑल्टमैन ने दोस्त ओली से की शादी
- फोटो : सोशल मीडिया।
ओपनएआई के संस्थापक सैम ऑल्टमैन ने एक निजी और सादे समारोह के दौरान अपने दोस्त ओलिवर मुलहेरिन के साथ शादी कर ली। यह समारोह हवाई में बुधवार को हुआ था। शादी के दौरान परिवार के लोगों के साथ ही केवल कुछ करीबी दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था। शादी के दौरान दोनों नेसफेद शर्ट, हल्के बेज रंग की पैंट और सफेद स्नीकर्स पहने हुए थे। इस दौरान लैटिस के संस्थापक और सैम के भाई जैक ऑल्टमैन मौजूद रहे।
बता दें कि ऑल्टमैन ने बीते साल अपने रिश्ते को लेकर जानकारी दी थी। एक समाचार पत्रिका को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह और मुलहेरिन सैन फ्रांसिस्को में रूसी हिल पर एक साथ रहते हैं।
दोनों की शादी पर तकनीकी क्षेत्र की कई हस्तियों ने बधाई दी है। इनमें जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज, एलेक्जेंडर वैंग, शेरविन पिशेवर, जेन मातोशी और एड्रियन औन के नाम शामिल हैं।
कौन हैं ओलिवर मुलहेरिन
सैम ऑल्टमैन के जीवनसाथी ओलिवर मुलहेरिन को ओली के नाम से भी जाना जाता है। उनकी सैम से दोस्ती काफी पुरानी है। ओलिवर मुलहेरिन ने मेलबर्न विश्वविद्यालय से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। उन्होंने इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल की है। इसके अलावा, जब वे विश्वविद्यालय में थे तब ओलिवर ने विभिन्न एआई परियोजनाओं में काम किया था।
प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आोयजित भोज में देखा गया था साथ
बता दें कि सैम ऑल्टमैन और ओलिवर मुलहेरिन की दोस्ती बहुत पुरानी है। हालांकि दोनों को एक साथ बहुत कम बार ही सार्वजनिक रूप से देखा गया है। बीते साल व्हाइट हाउस में पीएम मोदी के सम्मान में आयोजित डिनर में दोनों को साथ में देखा गया था।