दक्षिण अफ्रीका में एक निर्माणाधीन इमारत के ढहने से बड़ा हादसा हो गया। यह हादसा जॉर्ज शहर में हुआ है, जो कि केपटाउन से 400 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। कुछ रिपोर्ट्स एक अनुसार इमारत का बहुमंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक ढहने से वहां करीब 59 लोग मलबे में फंस गए। मौके से 10 लोगों को बचा लिया गया, जिनमें से पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे में कई लोग जख्मी
जॉर्ज की नगर पालिका ने एक बयान जारी कर बताया है कि मौके पर आपदा प्रबंधन सेवाएं, एंबुलेंस और पुलिस द्वारा राहत कार्य चलाया गया। बताया गया है कि यह इमारत नगर पालिका के ऑफिस के पास ही मौजूद थी। नगर पालिका के प्रवक्ता एनटोबेको मंगक्वेंगक्वे का कहना है कि हादसे में कई लोग जख्मी हुए हैं। इमारत करीब चार या पांच मंजिल की थी। उन्होंने बताया कि अभी हादसे में घायल हुए लोगों की सही संख्या का पता नहीं चला है और मौके पर आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी मौजूद हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
इस मामले पर दक्षिण अफ्रीकी सरकार नजरें बनाए हुए है और मौके पर स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए आवश्यक संसाधन भेजे गए हैं। प्रांतीय सरकार के प्रमुख एलन विंडे ने बताया कि इस समय लोगों की जान बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिए आपातकालीन टीमों को उनके बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक मदद भेजी गई है।