भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा को सिंगापुर के प्रतिष्ठित विशिष्ट सेवा पदक ‘मेरिटोरियस सर्विस मेडल’ (मिलिट्री) से सम्मानित किया गया है।
लांबा को भारतीय नौसेना और ‘रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर नेवी’ के बीच दीर्घकालिक द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया।
सिंगापुर के रक्षा मंत्री एनजी इंग हेन ने एक समारोह में लांबा को पुरस्कार प्रदान किया। हेन ने कहा, लांबा के नेतृत्व में, दोनों देशों की नौसेनाओं ने नवंबर 2017 में ‘नौसैन्य सहयोग के लिए द्विपक्षीय समझौता’ और जून 2018 में ‘पारस्परिक समन्वय, रसद और सेवा समर्थन के लिए कार्यान्वयन व्यवस्था’ समझौता किया।
इसने नौसेना के बीच संवाद बढ़ाने और पनडुब्बी बचाव अभियानों, समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सूचनाओं के आदान-प्रदान व साजो-सामान संबंधी सहयोग समेत आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की।
साझा अभ्यास के लिए भारत का ‘तरकश’ पहुंचा नाईजीरिया
भारतीय नौसेना का जहाज ‘तरकश’ साझा अभ्यास के लिए नाईजीरिया के बंदरगाह लागोस पहुंच गया है। गिनी की खाड़ी में सुरक्षा मजबूती की दिशा में यह पहल की गई है। जहाज का स्वागत नाईजीरिया की नौसेना, भारत के उच्चायुक्त और भारतीय भाषा स्कूल के बच्चों ने किया।
भारतीय सुरक्षा के कर्नल रोमी सिंह लेघा ने कहा कि यह पहली बार है जब दोनों देशों में आपरेशनल एक्सरसाइज हो रहा है। इस सुनियोजित अभ्यास से गिनी की खाड़ी में सुरक्षा मजबूत होगी। तरकश के कमांडिंग अफसर कैप्टन अब्राहम सैमुएल ने प्रशिक्षण अभ्यास के फायदे के बारे में बताया।
आईओसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.5 करोड़ ठगे, गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश पुलिस के विशेष जांच दल ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड में नौकरी दिलवाने के नाम पर 31 लोगों से 2.5 करोड़ ठगने के आरोप में दीपज्योति दास उर्फ जिंटू कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी को असम से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 7.14 लाख रुपये नकद जब्त किए।
टाइगर मेमन की धमकी के बाद सजाई गई याकूब की कब्र : ट्रस्टी
मुंबई को बम धमाकों से दहलाने वाले याकूब मेमन की कब्र की सजावट के मामले में अब अंडरवर्ल्ड की भूमिका सामने आई है। मरीन लाइन्स स्थित बड़ा कब्रिस्तान मामले में ट्रस्ट से जुड़े शख्स ने कहा है कि अंडरवर्ल्ड डॉन और याकूब के बड़े भाई टाइगर मेमन की धमकी के बाद कब्र की सजावट की गई। धमकी देने वाले शख्स ने अपना नाम मोहम्मद मेमन और खुद को मेमन परिवार का सदस्य बताया था। बड़ा कब्रिस्तान के दो पूर्व ट्रस्टी जलील नवरंगे और परवेज सरकार ने 2020 में मुंबई पुलिस से इस बात की शिकायत भी की थी।
भाजपा ने बिप्लव को त्रिपुरा से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया
भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव को संसद में लाने का फैसला लिया है। पार्टी ने उन्हें त्रिपुरा से पार्टी का राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट माणिक साहा के इस्तीफे से खाली हुई है। पार्टी ने साहा को देव की जगह त्रिपुरा का मुख्यमंत्री बनाया है और अब देव को उनकी सीट से राज्यसभा में भेजने की घोषणा की गई है। महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिप्लव देव की राज्यसभा उम्मीदवारी को मंजूरी दी दी है।