खिड़की से बाहर झांकते लोग (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने तीन मई तक देश में लॉकडाउन के दूसरे चरण को लागू किया हुआ है। सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार 20 अप्रैल से सख्त शर्तों के साथ कुछ सेवाओं में छूट दी गई है। इसी बीच दुनिया के पांच देश ऐसे हैं जहां लॉकडाउन हटने लगा है। आइये जानते हैं इन देशों के बारे में और यहां क्या हैं नियम।
ऑस्ट्रिया- एक महीने बाद लॉकडाउन को खत्म करने वाला यह यूरोप का पहला देश बन गया है। 14 अप्रैल से देश में हजारों दुकानों को खुलने की इजाजत मिल गई है। यहां खरीददारी के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य है। एक मई से नाई की दुकानों और मॉल को खोलने की इजाजत दी गई है। हालांकि 15 मई के बाद रेस्त्रां और होटल खुलेंगे।
स्पेन- यहां 13 अप्रैल से लॉकडाउन में कुछ राहत दी गई है। कई जगहों पर फैक्ट्रियां खुल गई हैं और उत्पादन शुरू हो गया है। लॉकडाउन खत्म होने के पहले दिन रेलवे स्टेशन पर पुलिस और रेडक्रास कर्मी मास्क बांटते हुए दिखाई दिए थे। यहां कार्यालय बंद हैं। यहां के प्रधानमंत्री ने नौ मई तक लॉकडाउन बढ़ाने की बात कही है।
डेनमार्क- यहां 15 अप्रैल से प्राइमरी स्कूलों और डे केयर को खोलने की इजाजत दी गई है। पांचवी कक्षा तक के बच्चे स्कूल जा सकेंगे। लंबे लॉकडाउन के बाद स्कूल खोलने वाला डेनमार्क यूरोप का पहला देश बन गया है। यहां शिक्षकों को सामाजिक दूरी, साफ-सफाई और वायरस से बचाव को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इटली- यहां चार मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा लेकिन 14 अप्रैल से किताबों और बच्चों के कपड़ों की दुकानों को ट्रायल के तौर पर खोला गया है। कुछ स्थानों में स्थानीय सरकारों ने इसे मानने से मना कर दिया है और दुकानों को आगे भी बंद रखने का आदेश दिया है। इसमें ज्यादातर उत्तरी इटली के इलाके हैं।
चेक रिपब्लिक- यहां आठ अप्रैल यानी ईस्टर से पहले कुछ दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई थी। जिसमें साइकिल रिपेयरिंग, हार्डवेयर स्टोर और घर के साज सामान वाली दुकानें शामिल थीं। यहां के लोग अब सैर करने और साइकिल चलाने के लिए बाहर निकल सकते हैं। ईस्टर के बाद जूतों और किताबों की दुकानें खुल गई हैं।