लीबिया के एक 47 वर्षीय व्यक्ति को लीबिया के बेनगाजी में अमरीकी वाणिज्य दूतावास पर 2012 के हमले में उसकी भूमिका के लिए गुरुवार को जेल की सजा सुनाई गई। अक्तूबर 2017 में उस व्यक्ति को लीबिया में अमेरिकी विशेष बलों द्वारा पकड़कर जांच के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका लाया गया था।
छह सप्ताह की सुनवाई के बाद जून 2019 में आतंकवाद के आरोपों और अन्य अपराधों के लिए दोषी ठहराए गए मुस्तफा अल-इमाम को अमेरिकी जिला अदालत के न्यायाधीश ने 19 साल और छह महीने की जेल की सजा सुनाई है।
लीबिया के बेनगाजी में 11 सितंबर, 2012 को अमरीकी वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले में राजदूत जॉन क्रिस्टोफर स्टीवन्स सहित अन्य तीन अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई थी। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने एक बयान में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति ने अमेरिकी आदर्शों को बढ़ावा देते हुए अपने जीवन का बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि अल-इमाम को मिली सजा इस तरह के जघन्य अपराध करने का प्रयास करने वाले लोगों के लिए कड़ा संदेश है।