पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ अपहरण, हत्या, दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाओं का मुद्दा आखिरकार पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में उठ ही गया।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सांसद खील दास कोहिस्तानी ने मंगलवार को नेशनल असेंबली में कहा, ‘बीते चार महीने में 25 से 30 हिंदू लड़कियों का अपहरण हुआ और वे कभी वापस नहीं लौटीं। ये अत्याचार कब तक जारी रहने वाले हैं? हिंदू लोग कब तक लाशें उठाते रहेंगे? कब तक मंदिर जलाए जाते रहेंगे?’
सिंध की अल्पसंख्यक शाखा के प्रमुख ने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल सिंध के घोटकी और उमरकोट में ही सबसे ज्यादा क्यों हो रही हैं? ये आग नहीं रोकी गई तो पूरे सिंध में फैलेगी। सिंध में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया जाना बेहद जरूरी है।
सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे लोगों पर काबू पाया जाए। बता दें कि हाल ही में सिंध प्रांत के लरकाना में एक हिंदू मेडिकल छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। जहां विश्वविद्यालय इसे खुदकुशी बताने पर तुला है वहीं लड़की के परिजनों का आरोप है कि लड़की की हत्या की गई है।