जो बाइडन और इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू
- फोटो : सोशल मीडिया
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइल-हमास युद्ध के 100 दिन पूरे होने पर कहा कि 'बंधकों को छुड़ाने की कोशिशें जारी हैं और उन्होंने अभी तक उम्मीद नहीं छोड़ी है। बाइडन ने अपने बयान में कहा कि नवंबर में कतर, मिस्त्र और इस्राइल के साथ मिलकर काम करते हुए हमने इस्राइल और हमास के बीच सात दिन का युद्धविराम कराया था। इस दौरान 105 बंधकों को रिहा कराया गया, जिनमें एक चार साल की बच्ची भी शामिल थी। साथ ही गाजा में मानवीय मदद भी भेजी गई। हम इस डील को आगे बढ़ाने के इच्छुक थे, लेकिन दुख की बात है कि हमास एक हफ्ते बाद ही इस डील से हट गया।'
बाइडन बोले- हम सहयोगियों के साथ मिलकर रास्ते तलाश रहे
बाइडन ने कहा कि 'अमेरिका और हमारे सहयोगी देशों ने अभी तक उम्मीद नहीं छोड़ी है। विदेश मंत्री ब्लिंकन पिछले हफ्ते ही युद्ध विराम के लिए रास्ता निकालने और बंधकों को छुड़ाने की डील पर बातचीत के लिए मध्य एशिया के दौरे पर गए थे। हम अपने करीबी सहयोगियों कतर, मिस्त्र और इस्राइल के संपर्क में हैं ताकि सभी बंधकों को सुरक्षित घर वापस लाया सके।' 100 बंधक अभी भी हमास की कैद में हैं, जिनमें छ अमेरिकी नागरिक भी हैं। इस्राइल हमास युद्ध को चलते हुए 100 दिन पूरे होने पर बाइडन ने कहा कि 'आज हमने त्रासदीपूर्ण और दुखभरे 100 दिन पूरे कर दिए हैं।'
बाइडन ने कहा कि 'बंधकों के परिजनों से मुलाकात के दौरान मैंने जो दुख भरी दास्तानें सुनीं, मैं उन्हें कभी नहीं भूल सकता। किसी को भी एक दिन के लिए भी ऐसे दुख का सामना ना करना पड़े, जैसे दुख का सामना वो लोग कर रहे हैं। आज इस दिन मैं फिर से अपनी शपथ दोहराता हूं कि हम सभी बंधकों और उनके परिजनों के साथ हैं। हम अमेरिकियों को घर वापस लाने के लिए काम करते रहेंगे।'
इस्राइल हमास युद्ध को 100 दिन पूरे
बीती 7 अक्तूबर को हमास के आतंकियों ने इस्राइल की सीमा में घुसकर हमला कर 1200 इस्राइली नागरिकों की हत्या कर दी थी। साथ ही 200 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बाद इस्राइल ने गाजा में हमास के ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गाजा में 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इस लड़ाई को शुरू हुए 100 दिन पूरे हो चुके हैं और अभी भी इस्राइल का गाजा में ऑपरेशन चल रहा है। साथ ही 100 के करीब बंधक अभी भी हमास की कैद में हैं।