फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस्राइल: यहूदियों की यात्रा फिर से शुरू, पवित्र स्थल के अंदर घुसी पुलिस, पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें

Fri, 06 May 2022 03:32 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, येरूशलम।

सार

यहूदियों की यात्रा फिर से शुरू होते ही दर्जनों फलस्तीनी जमा होकर अल्लाहू अकबर के नारे लगाने लगे। जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने गई तो झड़प भी हुई
विज्ञापन
israel police - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल पुलिस यहूदियों की यात्रा फिर से शुरू होने के बाद फलस्तीनी प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए अल अक्सा मस्जिद के मुख्य हिस्से में दाखिल हुई। यहूदियों की यात्रा रमजान के महीने के चलते रुकी हुई थी। हालिया कुछ सप्ताह में मुसलमानों के तीसरे सबसे पवित्र स्थल अल-अक्सा मस्जिद में कई बार झड़प देखी गई है। 

विज्ञापन


यहूदियों की यात्रा फिर से शुरू होते ही दर्जनों फलस्तीनी जमा होकर अल्लाहू अकबर के नारे लगाने लगे। जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने गई तो झड़प भी हुई। इस दौरान पुलिस ने रबड़ लगी गोलियां चलाईं क्योंकि कुछ फलस्तीनी मस्जिद के अंदर बैठे हुए थे। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी को मामूली चोट आई है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान में निमरोज सीमा पर तनाव
पाकिस्तान और उसके पश्चिमी पड़ोसी अफगानिस्तान के बीच इन दिनों निमरोज सीमा पर तनाव बढ़ रहा है। पाकिस्तान इसे अपना इलाका बताते हुए बाड़बंदी कर नई चौकी बना रहा है, जबकि अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान इसका विरोध कर रहा है। स्थानीय तालिबान कमांडर ने पाकिस्तानी सेना के गूगल मैप दिखाकर इस इलाके पर दावे को खारिज कर दिया है।
विज्ञापन


पाकिस्तान की सेना का कहना है कि इस इलाके में बढ़ रही आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए बाड़बंदी और चौकी जरूरी है। इत्तफाक है कि पाकिस्तान ने इसी समय अफगान सीमा पर तैनात सभी सैनिकों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं। एजेंसी

साल के शीर्ष 50 आईटी टेक्नोक्रेटों में दो भारतवंशी भी सम्मानित
भारतीय-अमेरिकी ‘टेक्नोक्रेट’ कृष्णा कुमार एदाथिल और निखिल देशपांडे को ‘स्टेटस्कूप टॉप 50 अवार्ड्स’ 2022 की सूची में शामिल किया गया है। इस सम्मान के लिए देश के शीर्ष 50 लोगों में सरकार उसे अधिक कुशल और प्रभावी बनाने वाले प्रतिभाशालियों को सम्मान देती है।

टेक्सास के रहने वाले एदाथिल को ‘स्टेट आईटी लीडर ऑफ द ईयर’ और जॉर्जिया के देशपांडे को ‘स्टेट लीडरशिप ऑफ द ईयर’ घोषित किया गया है। एदाथिल, टेक्सास सूचना संसाधन विभाग (डीआईआर) की ‘एंटरप्राइज सॉल्यूशन सर्विसेज’ के निदेशक हैं। उन्होंने राज्य में ‘एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की शुरुआत भी की। 

उभरती प्रौद्योगिकियों में उनके बहुमूल्य योगदान के कारण ही उन्हें सम्मानित किया गया है। वहीं, निखिल देशपांडे लंबे समय से जॉर्जिया के मुख्य डिजिटल अधिकारी हैं। उन्होंने राज्य की सोशल मीडिया पर पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बंद करेगा 600 शाखाएं
सरकारी क्षेत्र का बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 600 शाखाओं को बंद या किसी और शाखा में मिलाने की योजना पर काम कर रहा है। यह योजना मार्च 2023 तक पूरी की जाएगी। इसकी कुल 4,594 शाखाएं हैं। इसका मतलब है कि करीब 13 फीसदी शाखाओं पर योजना का असर होगा। 2017 में बैंक को 750 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। 

हालांकि उसके बाद से इसकी स्थिति सुधरती गई और अब यह फायदे में है। सेंट्रल बैंक घाटों वाली संपत्तियों को बेच कर उनसे बाहर निकलना चाहता है। दिसंबर तिमाही में बैंक ने 282 करोड़ रुपये का शुद्ध फायदा कमाया था। जबकि एक साल पहले यह 166 करोड़ रुपये था। इसी तिमाही में इसका एनपीए 15.16 फीसदी था।

विज्ञापन

सीमा पार के आतंक से निपटने पर भारत-ऑस्ट्रेलिया में मंथन, 13वीं बैठक संपन्न
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने सीमा पार आतंकवाद की निंदा कर इससे निपटने को लेकर मंथन किया। कैनबरा में बुधवार को हुई भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त कार्य समूह की 13वीं बैठक में दोनों पक्षों ने आतंकी चुनौती से निपटने के लिए विश्व सहयोग की मजबूती पर बल  दिया। बैठक के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दोहराया कि वह 26/11 मुंबई हमले, पठानकोट, पुलवामा जैसे हमलों की निंदा करता है और भारत के लोगों और मोदी सरकार को आतंकवाद से लड़ाई में सहयोग का वादा करता है।

बैठक में, दोनों पक्षों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप आतंकवाद से निपटने के लिए समन्वय और सहयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। पाकिस्तान के परोक्ष संबंध में दोनों देशों ने कहा, पर्दे के पीछे छिपकर सीमा पार आतंकी गतिविधियों के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

कोरोना से दो साल में डेढ़ करोड़ मौतें : डब्ल्यूएचओ
दुनिया में कोरोना महामारी के दो साल में करीब 1.50 करोड़ लोगों की मौत हुई है। इनमें 68 फीसदी मौतें10 देशों में दर्ज की गईं। यह दावा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट में आशंका व्यक्त की गई है कि इन लोगों की मौत या तो संक्रमण से हुई या  महामारी के चलते अस्पतालों पर बढ़े भार से समय पर इलाज न मिलने से हुईं। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक 84 फीसदी मौतें दक्षिण पूर्वी एशिया, अमेरिका व यूरोपीय देशों में दर्ज की गईं। मध्यम आयवर्गीय देशों में 81, निम्न आयवर्गीय देशों में 53 और उच्च आयवर्गीय देशों में 28 फीसदी मौतें हुईं। 

डब्ल्यूएचओ के प्रमुख डॉ. टेड्रोस घेब्रेयेसस ने कहा, इससे भविष्य की चुनौतियों से निपटने को लेकर अपनी क्षमताओं की जानकारी मिल रही है। देशों को  जन स्वास्थ्य के लिहाज से प्रयासों को बढ़ाना चाहिए। उन्होंने साफ किया, यह आंकड़ा विभिन्न देशों से मिली रिपोर्ट, डाटा और सांख्यिकीय मॉडल पर आधारित हैं। डब्ल्यूएचओ ने भारत में 40 लाख लोगों की मौत का अनुमान लगाया था। भारत सरकार के सवाल खड़े करने पर इस बार रिपोर्ट में किसी एक विशेष देश को लेकर बात नहीं है, न ही किसी नाम का जिक्र है।

सेवा क्षेत्र में पांच महीने की बड़ी तेजी नवंबर के बाद पहली बार बढ़े रोजगार
महंगाई के बावजूद सेवा क्षेत्र की गतिविधियां सुधरकर अप्रैल में पांच माह के शीर्ष पर पहुंच गईं। इसकी प्रमुख वजह नए ऑर्डर मिलने से कारोबारी गतिविधियों में तेजी और रोजगार में बढ़ोतरी है।
एसएंडपी ग्लोबल इंडिया का सेवा पीएमआई कारोबारी गतिविधि सूचकांक अप्रैल में बढ़कर 57.9 पर पहुंच गया। यह बढ़ती कीमतों के दबाव के बावजूद नवंबर के बाद सबसे तेज विस्तार है। यह लगातार 9वां महीना है, जब सेवा क्षेत्र का उत्पादन बढ़ा है। मार्च में सेवा पीएमआई 53.6 रहा था। रोजगार के मोर्चे पर कंपनियों ने अप्रैल में भर्ती जारी रखी और नंवबर के बाद से इसमें पहली बार वृद्धि हुई है। अतिरिक्त भर्ती से कंपनियों के नए कारोबार में जारी वृद्धि है।

हादसे से सबक : स्पाइस जेट के सभी विमानों की होगी जांच
मुंबई-दुर्गापुर फ्लाइट में यात्रियों के घायल होने के बाद डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) स्पाइस जेट के सभी विमानों की जांच करा रहा है। अब तक 70 विमानों की जांच की जा चुकी। वहीं, किसी विमान में खामी मिलती है तो उसे उड़ान की अनुमति नहीं मिलेगी। डीजीसीए के महानिदेशक अरुण कुमार ने कहा कि विमानों की फिटनेस और सुरक्षा सहित अन्य सभी तरह की जांचें की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी खामियों को दुरुस्त करेंगे। हवाई अड्डों पर विमानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि एक मई को मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के लिए स्पाइसजेट की फ्लाइट ने उड़ान भरी थी। फ्लाइट ऑटो मोड पर थी। इसी दौरान फ्लाइट का संतुलन बिगड़ गया। कुछ समय के लिए फ्लाइट को मैनुअली नियंत्रित किया गया। इस दौरान विमान में मौजूद 14 यात्रियों सहित तीन क्रू मेंबर घायल हो गए थे। इनमें से दो यात्री आईसीयू में भर्ती कराने पड़े।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें