इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस्राइली सेना (आईडीएफ) के हाथों गाजा में तीन बंधकों की मौत पर गहरा दुख जताया है। इस घटना को 'असहनीय त्रासदी' बताते हुए नेतन्याहू ने शनिवार को कहा, मैं गहरे दुख के साथ इस्राइल के सभी लोगों के सामने अपना सिर झुकाता हूं और अपने तीन प्यारे बेटों के निधन पर शोक जताता हूं। नेतन्याहू ने कहा कि इस घटना ने देशवासियों को दिलों को झकझोर दिया है।
इस्राइली पीएम ने यह भी कहा कि जब तक फलस्तीनी आतंकवादी संगठन हमास पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक गाजा में आतंकवादियों के खिलाफ जमीनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हम अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय दबाव और इस्राइल को होने वाले नुकसान के बावजूद हमें जीत तक इसे जारी रखना है। इस्राइली प्रधानमंत्री ने कहा कि वह खुद से पूछ रहे हैं, और सभी इस्राइली नागरिकों से पूछ रहे हैं। हम उन्हें (बंधकों को) गले लगाने के बहुत करीब थे। अगर ऐसा होता तो बहुत कुछ अलग होता। लेकिन अब हम पीछे नहीं मुड़ सकते। यह देखते हुए कि देश के सभी योद्धा जानते हैं कि हम जीत के बहुत करीब हैं।
बंधकों की रिहाई के लिए सभी प्रयास जारी रखेगा इस्राइल
उन्होंने आगे कहा कि इस्राइल इस घटना से सबक सीखेगा और सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई के लिए सैन्य और राजनयिक प्रयास जारी रखेगा। नेतन्याहू ने कहा कि बंधकों ने खुद को हमास से बचाया और फिर उनके साथ आपदा हुई।
सैनिकों को सचेत किया
इस्राइली सेना ने कहा कि उसने घटना से तत्काल सबक सीखा है। अब गाजा पट्टी में उतरे सभी सैनिकों को सचेत कर दिया गया है। सेना ने बंधकों में से दो की पहचान की है। एक का नाम योतम है। उसे 7 अक्तूबर के हमले में किबुत्ज कफर अजा से बंधक बनाया था। दूसरा बंधक समेर अल-तलाल्का है जिसे किबुत्ज निर अम से अगवा किया गया था। सेना ने परिवार के अनुरोध पर तीसरे बंधक का नाम गुप्त रखा है। संघर्ष के बाद से अब तक 64 पत्रकारों की मौत हो चुकी है। सैन्य प्रवक्ता डैनियल हगारी ने कहा, सेना से जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मैं जिम्मेदार हूं। हमारा मानना है कि तीनों इस्राइली या तो कैद से भाग निकले थे अथवा आतंकियों ने उन्हें छोड़ दिया था।
ईरान ने मोसाद के जासूस को फांसी दी
ईरान ने कहा है कि उसने देश के दक्षिण-पूर्व में इस्राइली खुफिया एजेंसी मोसाद के एक जासूस को फांसी दे दी है। सरकारी टीवी ने बताया कि जासूस के मोसाद समेत विदेशी खुफिया एजेंसियों से संबंध थे और उस पर गोपनीय सूचना साझा करने में शामिल होने का आरोप था।
इस्राइली हवाई हमलों में दर्जनों लोगों की मौत
फलस्तीन के मीडिया ने कहा कि इस्राइली हवाई हमलों में शनिवार को जबालिया में दो इमारतों को नष्ट कर उसमें रहने वाले दर्जनों फलस्तीनियों को मार डाला। इस्राइली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने कहा कि उसके बलों पर गोलीबारी के बाद विमान ने जबालिया में इमारत को निशाना बनाया। बलों ने गाजा के दो स्कूलों में छिपे आतंकियों को भी मार गिराया और खान यूनिस में हथियारों से भरी इमारतों पर छापा मारा। इस बीच, शेजैया की लड़ाई में गलती से उसने तीन बंधकों को मार डाला। इस्राइली सेना ने बंधकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। साथ ही कहा, घटना की जांच में पूर्ण पारदर्शिता बरतेंगे।