फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War Live: बाइडन बोले- हमास आतंकियों ने किया नरसंहार, इस्राइल का दौरा करेंगे विदेश मंत्री ब्लिंकन

Wed, 11 Oct 2023 03:22 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, येरुशलम

खास बातें

Hamas Israel Conflict News Live: इस्राइल पर आतंकी संगठन हमास के हमले से दुनियाभर में हलचल मच गई है। जहां पश्चिमी देशों ने हमास के हमले को लेकर इस्राइल का समर्थन किया है, तो वहीं पश्चिमी एशिया के इस्लामिक देश फलस्तीन के समर्थन में साथ खड़े हैं। इस बीच इस्राइल में इन दर्दनाक हमलों में अब तक करीब 900 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी पर किए गए पलटवार में 690 की जान जाने की बात सामने आई है। इन हालात के बीच हमास ने धमकी दी है कि अगर गाजा पट्टी पर हमले नहीं रुकते हैं तो वह इस्राइली बंधकों की हत्या कर देगा।
विज्ञापन
isreal
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:21 AM, 11-Oct-2023

हमास के हमले के पीछे ईरान का हाथ होने की जानकारी नहीं...
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जैक सुलिवन ने इस्राइल पर हमास के हमले के पीछे ईरान का हाथ होने के आरोपों के संबंध में कहा, हमारे पास ऐसी कोई विशेष जानकारी नहीं है, जो ईरान को इस हमले से जोड़ती हो। उन्होंने कहा कि फिलहाल हमारे पास जानकारी नहीं है। आने वाले दिनों में इस संबंध में जानकारी मिल सकती है।

भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने इस्राइल के समर्थन में निकाली रैली
फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के हमले के बाद इस्राइल के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों ने शिकागो में शांतिपूर्ण रैली निकाली। सदस्यों ने एक बयान में कहा, आतंकवाद सिर्फ इस्राइल का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह एक सतत मानवीय मुद्दा है। बहुत देर हो जाए, इसके पहले इसे रोका जाना चाहिए।

03:11 AM, 11-Oct-2023

इस्राइल के तटीय शहर पर रॉकेट हमला 
हमास ने गाजा पट्टी की सीमा से 13 किलोमीटर उत्तर में स्थित इस्राइल के अश्कलोन शहर पर मंगलवार की शाम रॉकेट से हमला किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रॉकेट हमले के बाद सायरन बजने लगा और लोग छिपने के लिए भागने लगे। इस दौरान लोग डरे-सहमे दिखे।  

02:14 AM, 11-Oct-2023

इस्राइली सेना ने गाजा में तेज किए हमले
इस्राइली डिफेंस फोर्स ने हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। इस्राइल के लड़ाकू विमानों ने गाजा क्षेत्र में कई हवाई हमले किए। एक लड़ाकू हेलीकॉप्टर ने आतंकी संगठन हिजबुल्लाह की एक अन्य निगरानी चौकी पर हमला किया। इस्राइली डिफेंस फोर्स ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, एक लड़ाकू हेलीकॉप्टर ने लेबनान में हिजबुल्लाह की एक निगरानी चौकी पर हमला किया। लेबनानी क्षेत्र से इस्राइली क्षेत्र में एक सैन्य वाहन पर फायर किए जाने के बाद यह हमला किया गया। 

विज्ञापन
01:51 AM, 11-Oct-2023

हमास के हमलों में आठ फ्रांसीसी नागरिकों की मौत 
फलस्तीनी आतंकी संगठन हमास द्वारा इस्राइल पर किए गए हमलों में आठ फ्रांसीसी नागरिकों की मौत हुई है। फ्रांस की विदेश मंत्री कैथरीन कोलोना के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस्राइल में हुए हमलों में मारे गए फ्रांसीसी नागरिकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

01:03 AM, 11-Oct-2023

इस सप्ताह इस्राइल की यात्रा करेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन
अमेरिका हमास के हमले के बाद इस्राइल के साथ मजबूूती से खड़ा है। इसी कड़ी में, अमेरिका का समर्थन जताने के लिए विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इस सप्ताह इस्राइल की यात्रा करेंगे। अमेरिका के विदेश विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विज्ञापन
12:52 AM, 11-Oct-2023

इस्राइल के हमलों में 260 बच्चे समेत 900 की मौत
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस्राइल के हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 900 पर पहुंच गई है। इनमें 260 बच्चे और 230 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 4,600 लोग घायल हुए हैं।

12:08 AM, 11-Oct-2023

इस्राइल में नरसंहार हुआ है- बाइडन
इस्राइल पर हमास के हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि हम लगातार पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के संपर्क में है। इस्राइल में नरसंहार हुआ है। यहां एक हजार लोगों की नृशंस हत्याएं की गई हैं। आतंकियों ने बच्चों को भी बख्शा है। मीडिया को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, इस्राइल में 1,000 से अधिक नागरिकों की हत्या कर दी गई। इनमें कम से कम 14 अमेरिकी नागरिक मारे गए। यह आतंकवादी कृत्य है, लेकिन दुख की बात है कि यहूदी लोगों के लिए यह कोई नई बात नहीं है। इस हमले ने दर्दनाक यादें और सदियों से चली आ रही यहूदी-विरोधी भावना के घाव सामने ला दिए हैं।

11:46 PM, 10-Oct-2023

राष्ट्रपति बाइडन ने की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की बैठक
इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। राष्ट्रपति बाइडन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और मैं इस्राइल पर आतंकवादी हमले पर स्थिति पर चर्चा करने और अगले कदमों का निर्देश देने के लिए अपनी टीमों के साथ बैठक की। हम इस्राइल का समर्थन करने, दुश्मन के हमले को रोकने और निर्दोष लोगों की रक्षा के लिए समन्वय पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नेतन्याहू से चर्चा की।

11:06 PM, 10-Oct-2023

एक अन्य इस्राइली नागरिक ने कहा- एक रॉकेट हमारी इमारत पर गिरा
एक अन्य इस्राइली नागरिक याकोव ने कहा कि हम यहां इसलिए आए, क्योंकि एक रॉकेट हमारी इमारत पर गिरा। हमारे पास कोई आश्रय नहीं है, हम स्थानीय प्रशासन की बदौलत बच निकले और उन्होंने हमें यहां इस होटल में आने का सुझाव दिया और यह एक अच्छी जगह है। एक सप्ताह के लिए हम यहां रह रहे हैं। मेरा 11 साल का बेटा, 2 साल की बेटी, मेरी पत्नी और मैं यहां रह रहे हैं।
 

10:38 PM, 10-Oct-2023

अश्कलोन की एक इस्राइली महिला ने सुनाई आपबीती
अश्कलोन की एक इस्राइली महिला गैलाया ने कहा कि मेरे बच्चे और परिवार यहां एक होटल में शरण लिए हुए हैं, क्योंकि रॉकेट हमारे पड़ोसी के घर की छत पर गिरे, हमारी खिड़कियां टूट गईं। एक सप्ताह से हम यहां रह रहे हैं। पता नहीं यह जगह सुरक्षित है या नहीं। हमें एक नई जगह चाहिए। मैं अपने प्रधानमंत्री से कहना चाहती हूं कि इस आतंकवाद को जल्द से जल्द खत्म करें।
 

10:36 PM, 10-Oct-2023

फलस्तीन के स्थायी पर्यवेक्षक मिशन ने की यह अपील
संयुक्त राष्ट्र में फलस्तीन के स्थायी पर्यवेक्षक मिशन ने सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को लिखा कि बढ़ती मौत की संख्या और विनाश का पैमाना एक अंतरराष्ट्रीय संदेश की मांग करता है। इससे सबसे पहले रक्तपात को रोकने और नागरिक जीवन को बचाने का आह्वान किया जाए। नागरिकों को लक्ष्य बनाकर की जा रही हिंसा तुरंत रोकी जानी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और मानवाधिकार कानून का सभी को सम्मान करना चाहिए।

10:11 PM, 10-Oct-2023

सभी नेपाली छात्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए गए
नेपाल सरकार ने मंगलवार को बताया कि इस्राइल में मौजूद सभी नेपाली छात्रों को एक सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। गाजा के हमास आतंकवादियों के हमले में 10 छात्रों की मौत की पुष्टि के एक दिन बाद नेपाल सरकार ने कहा कि इस्राइल में मौजूद सभी नेपाली छात्रों को एक सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

09:28 PM, 10-Oct-2023

भारत के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया
अश्कलोन (इस्राइल) में भारतीय मूल की एक महिला इलाना नागाउकर ने भारत के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि  हमारा समर्थन करने के लिए हम पीएम मोदी के आभारी हैं। उन्होंने आगे कहा कि कल यहां एक मिसाइल हमला हुआ, वाहनों में आग लग गई और इन सभी इमारतों में बिजली गुल हो गई। हमें लगता है कि हम खतरे में हैं, लेकिन हमें विश्वास है सेना पर। यह हमारा घर है और हम कहीं नहीं जा सकते। हम यहां शांति से रहना चाहते हैं।
 

09:21 PM, 10-Oct-2023

चेतावनी के कुछ घंटों बाद हमास ने अश्कलोन में रॉकेटों की बौछार की
चेतावनी जारी करने के कुछ घंटों बाद आतंकवादी समूह हमास ने मंगलवार को इस्राइल के दक्षिणी तटीय शहर अश्कलोन पर रॉकेट हमला किया। जैसे ही तटीय शहर पर रॉकेटों की बौछार हुई, शहर और आसपास के अन्य शहरों में सायरन बजने लगे। 
 

आतंकी संगठन ने पहले चेतावनी जारी की थी कि वह गाजा पट्टी पर इस्राइली हमलों का बदला लेने के लिए शाम पांच बजे अश्कलोन पर हमला करेगा। रिपोर्ट के अनुसार, हमास के के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने आने वाले घंटों में इस्राइल के तटीय शहर अश्कलोन पर एक बड़े रॉकेट हमले की धमकी दी थी।
 

09:19 PM, 10-Oct-2023

कम से कम 40 शिशुओं की मौत
इस्राइल पर हमास के हमले में आतंकवादी समूह ने कम से कम 40 शिशुओं को मौत के घाट उतार दिया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कुछ सैनिकों ने बताया कि उन्हें ऐसे बच्चे मिले जिनके सिर कटे हुए थे। पूरे परिवारों को उनके बिस्तर पर गोलियों से भून दिया गया था। अब तक लगभग 40 शिशुओं और छोटे बच्चों के शवों को बाहर निकाला जा चुका है।

09:09 PM, 10-Oct-2023

इस्राइल में मरने वालों का आंकड़ा 1000 के पार
इस्राइली सैन्य अधिकारी के मुताबिक, हमास के हमले में मरने वालों की संख्या 1,000 से ऊपर हो गई है।
 

08:28 PM, 10-Oct-2023

इस्राइल पर फिर से रॉकेट से हमला
पश्चिमी गैलिली और दक्षिणी तटीय शहर अश्कलोन में रॉकेट से हमले की खबर है। यहां रॉकेट रॉकेट सायरन फिर से बज रहे हैं। इस्राइल पर गाजा पट्टी और लेबनान दोनों से रॉकेट हमले किए जा रहे हैं। 

07:50 PM, 10-Oct-2023

900 इस्राइली मारे गए और 2,616 से अधिक लोग घायल
सात अक्तूबर को हमास के हमले के बाद कम से कम 900 इस्राइली मारे गए और 2,616 से अधिक लोग घायल हो गए। इस्राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) के मुताबिक, गाजा में चल रहे संघर्ष में हमास ने 30 लोगों को बंधक बना रखा है।

07:48 PM, 10-Oct-2023

हवाई हमलों में 140 बच्चों सहित 770 से अधिक फलस्तीनी मारे गए
हमास के हमले के बाद इस्राइल की जवाबी कार्रवाई में 770 से अधिक फलस्तीनी मारे गए। गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस्राइली हवाई हमलों में कम से कम 770 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 4,000 घायल हुए हैं। मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों में 140 बच्चे और 120 महिलाएं शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार से अब तक वेस्ट बैंक क्षेत्र में कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है। लगभग 100 लोग घायल भी हुए हैं।

05:19 PM, 10-Oct-2023

बेर्शेबा में रॉकेट सायरन बजा; हमास ने जिम्मेदारी ली
इस्राइल के दक्षिणी शहर बेर्शेबा में मंगलवार को खतरे का सायरन सुनाई दिया। इस दौरान शहर की ओर कई रॉकेट दागे गए। शहर में कई विस्फोटों की आवाज भी सुनाई दी। हमास ने रॉकेट हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, फिलहाल किसी नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।

04:42 PM, 10-Oct-2023

PM मोदी-नेतन्याहू के बीच फोन पर हुई बात
गाजा पट्टी से आतंकी समूह हमास द्वारा शनिवार को इस्राइल पर पांच हजार रॉकेट दागे गए। जिसके बाद से दोनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस्राइल और हमास के बीच भीषण युद्ध जारी है। तनाव भरी स्थिति के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच हमले की वर्तमान स्थिति पर खुलकर चर्चा हुई। इस्राइल द्वारा दिए गए जानकारी पर पीएम मोदी ने नेतन्याहू को धन्यवाद कहा। साथ ही पीएम मोदी ने इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को आश्वासन दिया कि भारत इस कठिन समय में इस्राइल के साथ खड़ा है। पढ़ें पूरी खबर

04:41 PM, 10-Oct-2023

भारत-अमेरिका जैसे देशों का समर्थन अहम: इस्राइल के महावाणिज्यदूत
इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष पर भारत में इस्राइल के महावाणिज्यदूत कोबी शोशानी ने कहा कि अमेरिका और भारत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। उनका समर्थन हमें आगे क्या करना है, इसके बारे में बहुत शक्ति और विश्वास देता है। यह बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आतंकवाद में आपको हर समय लड़ना पड़ता है। यदि आप जीना चाहते हैं, तो आपको लड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि आपके भारत और इस्राइल के प्रधानमंत्री के बीच बातचीत बेहद महत्वपूर्ण है। यह भारत से मिलने वाले बंधन, दोस्ती और समर्थन को दर्शाता है। हम आपके नैतिक समर्थन की जरूरत है। जब पीएम मोदी जैसे नेता, लोकतंत्र के अन्य नेताओं के साथ, इस्राइल राज्य का समर्थन करते हैं, तो इससे हमें बहुत ताकत मिलती है और हम वास्तव में इसकी सराहना करते हैं।

02:46 PM, 10-Oct-2023

केरल के मुख्यमंत्री ने जयशंकर से इजराइल में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया

हमास आतंकवादी संगठन और इस्राइली रक्षा बलों के बीच जारी युद्ध के मद्देनजर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इस्राइल में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इस्राइल में भारतीय नागरिकों की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए विजयन ने कहा कि केरल के करीब सात हजार लोग वहां फंसे हुए हैं और युद्धस्थिति जारी रहने की वजह से उन्हें बेहद कठिनाई भरे दौर से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, राज्य में उनके परिवार के सदस्य भी उन्हें लेकर तनाव में हैं।

मुख्यमंत्री ने नौ अक्तूबर की तिथि वाले अपने पत्र में कहा, 'मैं आपसे इजराइल में हमारे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव तरीके से हस्तक्षेप करने का अनुरोध करता हूं।'

02:21 PM, 10-Oct-2023

इस्राइल में भारत की दिग्गज आईटी कंपनियों की है मौजूदगी

दुनिया की कई विकसित और विकासशील देशों की तरह भारतीय आईटी कंपनियों की मौजूदगी इस्राइल में भी है। इस्राइल दिनों आतंकी संगठन हमास के साथ जंग लड़ रहा है। ऐसे में भारत की कई आईटी कंपनियों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। भारत की आईटी कंपनियां इस्राइल में वहां की कंपनियों के साथ साझेदारी में काम करती हैं। भारतीय कंपनियों ने इस्राइल में अपने दफ्तर और कर्मचारियों के साथ रिसर्च सेंटर भी खोल रखे हैं। आइए जानते हैं कौन-कौन सी भारतीय आईटी कंपनियां इस्राइल में कारोबार करती हैं और उनपर इस्राइल और हमास के बीच का क्या असर पड़ा है? पढ़ें पूरी खबर...

01:59 PM, 10-Oct-2023

इस्राइल बोला- हमास आतंकियों से ज्यादा मानवीय है एआई

इस्राइल ने हमास के आतंकियों को शैतानी और हत्यारा बताते हुए कह कि हमास के आतंकी इंसान नहीं हैं। उनके आगे एआई भी मानवतावादी लगता है। हमास के आतंकी शैतानी और हत्यारे हैं। 

01:38 PM, 10-Oct-2023

इस्राइली वायुसेना ने साझा किया फाइटर जेट से गाजा पर हमले का वीडियो

इस्राइल की वायुसेना ने मंगलवार को एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपने फाइटर जेट्स को गाजा पट्टी पर हमले करते और आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करते दिखाया है। 

01:12 PM, 10-Oct-2023

इस्राइली सेना का दावा- हमारे क्षेत्र में हमास के 1500 से ज्यादा आतंकियों के शव पड़े

इस्राइल की सेना ने दावा किया है कि हमास के हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में उसने अधिकतर आतंकियों को मार गिराया है। सेना ने कहा है कि हमास के 1500 से ज्यादा आतंकियों के शव इस्राइल के क्षेत्र में पड़े हैं और सीमा के पास स्थित दक्षिण के क्षेत्र में पूरी तरह नियंत्रण हासिल किया जा चुका है। 

12:55 PM, 10-Oct-2023

इस्राइल पर हुए हमले में जानिए किस देश के कितने नागरिकों की हुई मौत

इस्राइल पर आतंकी संगठन हमास के हमले में अब तक 900 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैंकड़ों घायल हैं। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। विदेशी नागरिकों में से कई इस्राइल के इलेक्ट्रोनिक म्यूजिक फेस्टिवल में हिस्सा लेने आए थे, उसी दौरान हमास के आतंकियों ने इस्राइल पर हमला बोल दिया। आइए जानते हैं कि किस देश के कितने नागरिक इस्राइल में हमास के हमले में मारे गए हैं और कितने लापता हैं। पढ़ें पूरी खबर...

12:26 PM, 10-Oct-2023

ओबामा बोले- इस्राइल पर हमलों को लेकर अमेरिकियों में होना चाहिए गुस्सा

आतंकी संगठन हमास और इस्राइल के बीच संघर्ष जारी है। इन हमलों में अभी तक करीब 16 सौ से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस्राइल के खिलाफ हमास के आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की। पढ़ें पूरी खबर...

12:04 PM, 10-Oct-2023

ईरान की राष्ट्रपति बोले- जिहाद के मार्ग पर चलने वालों की जीत

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने हमास के इन हमलों पर बयान दिया है। उन्होंने इसे जिहाद और अल्लाह के मार्ग पर चलने वाले लड़ाकों की जीत करार दिया है। रईसी ने कहा कि यह यहूदी शासन के खिलाफ लोगों की लड़ने की क्षमता को दिखाता है। हमें फलस्तीनी नागरिकों को बधाई देनी चाहिए।

11:42 AM, 10-Oct-2023

इस्राइल के हमले में फलस्तीन के दो पत्रकारों की मौत

इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी पर बमबारी जारी है। इस बीच हमले में दो फलस्तीनी पत्रकारों की मौत हो गई। बताया गया है कि पत्रकार सई अल-तवील और फोटोग्राफर मोहम्मद सोबिह की इस घटना में जान चली गई।

11:25 AM, 10-Oct-2023

इस्राइली ठिकाने से 100 शव बरामद

इस्राइल की ओर से बताया गया है कि उसने बेरी किबुत्ज में 100 से ज्यादा शव निकाले हैं। बताया गया है कि यह वह जगह है, जहां से हमास के आतंकी इस्राइल में दाखिल हुए थे और यहीं पर इस्राइली नागरिकों को बंधक बनाया गया था। दो दिन से यहां पर सैनिकों और आतंकियों के बीच संघर्ष जारी था।

11:10 AM, 10-Oct-2023

हमास के हमले के बाद लोगों को बचाने में जुटे मशहूर सीरीज के एक्टर

इस्राइली अभिनेता लियोर राज हमास हमले के बाद इस्राइली नागरिकों को बचाने के लिए सामने आए हैं। वे वॉलनटियर के एक समूह ब्रदर्स इन आर्म्स में शामिल हो गए हैं। अभिनेता लियोर राज अपनी टेलीविजन श्रृंखला फौदा के लिए प्रचलित है। पढ़ें पूरी खबर...

10:48 AM, 10-Oct-2023

हमास के खिलाफ एकजुट हुए अमेरिका, ब्रिटेन समेत कई देश

आतंकी संगठन हमास और इस्राइल के बीच संघर्ष जारी है। इन हमलों में अभी तक करीब 1600 लोगों की मौत हो चुकी है। हमास के हमलों के बाद कई देश इस्राइल के पक्ष में उतर आए हैं। अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस समेत कई देशों ने एक संयुक्त बयान जारी कर हमास के हमलों की निंदा की है। पढ़ें पूरी खबर...

10:22 AM, 10-Oct-2023

'अमेरिकी नागरिकों को बचाने के लिए कड़ा रुख अपनाएंगे': FBI

अमेरिका की शीर्ष जांच एजेंसी एफबीआई ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी नागरिकों की जान पर किसी भी संभावित खतरे की वह जांच कर रहे हैं और अमेरिकी नागरिकों को बचाने के लिए कोई भी सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। एफबीआई की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब इस्राइल और हमास के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है। एफबीआई ने सोशल मीडिया पर साझे किए गए एक पोस्ट में यह बात कही। पढ़ें पूरी खबर...

09:58 AM, 10-Oct-2023

हमास के हवाई हमले में बाल-बाल बची अमेरिकी पत्रकार की जान

इस्राइल में घुसकर फलस्तीन की आतंकी संगठन हमास ने खुलेआम सड़कों पर गोलीबारी करने के साथ हवाई हमले भी किए, जिसमें अबतक 900 के करीब इस्राइली नागरिकों की मौत हो चुकी है। जहां इस हमले से डरकर लोग अपने घरों में छिपने के लिए मजबूर हो गए हैं, तो वहीं अमेरिकी न्यूज चैनल की रिपोर्टर और उनकी टीम ने इस हमले को काफी करीब से देखा है। उन्होंने हमास द्वारा किए गए इस हमले का जिक्र करते हुए अपनी दास्तां बताई हैं। पढ़ें पूरी खबर..

09:36 AM, 10-Oct-2023

इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी पर हमास के ठिकानों को निशाना बनाया जाना जारी है। 

09:21 AM, 10-Oct-2023

‘साजिश में ईरान शामिल, लेकिन हमारे पास सबूत नहीं’: अमेरिका

फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास के अचानक सात अक्तूबर को इस्राइल पर हमले किए जाने के बाद तनाव बढ़ता जा रहा है। कुछ लोगों का मानना था कि इन हमलों में ईरान की भागीदारी हो सकती है। हालांकि, अब अमेरिका ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उसके पास ऐसी कोई खुफिया जानकारी या सबूत नहीं है, जो हमलों में ईरान के शामिल होने की ओर इशारा करता हो। पढ़ें पूरी खबर...

08:48 AM, 10-Oct-2023

मिस्र और कतर ने तेज किए मध्यस्थता के प्रयास

इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध के गाजा पट्टी के अलावा दूसरे क्षेत्रों में फैलने का खतरा बढ़ गया है। लेबनान की तरफ से इस्राइली क्षेत्रों में घुसपैठ की कोशिश की जा रही है। इस्राइल की सेना ने सोमवार को लेबनान की तरफ से उसके क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे सशस्त्र संदिग्धों को मार गिराया। इस बीच, युद्ध को रोकने की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं। मिस्र और कतर ने इस्राइल और हमास के बीच मध्यस्थता के प्रयास तेज कर दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर...

08:19 AM, 10-Oct-2023

इस्राइल के तकनीक उद्योग को झेलना पड़ सकता है मुश्किल

निवेशकों और विश्लेषकों का कहना है कि हमास के हालिया हमले से इस्राइल के तकनीक उद्योग को बुरे दौर का सामना करना पड़ सकता है। विश्लेषकों का कहना है कि इस्राइल में काम कर रही कंपनियों के लिए अपनी सुरक्षा मजबूत करना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि जिस तरह से हमास के आतंकियों ने सैनिकों और आम लोगों को घरों में घुसकर मारा है, उससे सभी के मन में सुरक्षा चिंताएं चरम पर हैं। पढ़ें पूरी खबर...

07:58 AM, 10-Oct-2023

Israel Hamas War Live: बाइडन बोले- हमास आतंकियों ने किया नरसंहार, इस्राइल का दौरा करेंगे विदेश मंत्री ब्लिंकन

Israel-Hamas Conflict News Live: इस्राइल पर आतंकी संगठन हमास के हमले से दुनियाभर में हलचल मच गई है। जहां पश्चिमी देशों ने हमास के हमले को लेकर इस्राइल का समर्थन किया है, तो वहीं पश्चिमी एशिया के इस्लामिक देश फलस्तीन के समर्थन में साथ खड़े हैं। इस बीच इस्राइल में इन दर्दनाक हमलों में अब तक करीब 900 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस्राइल की ओर से गाजा पट्टी पर किए गए पलटवार में 690 की जान जाने की बात सामने आई है। इन हालात के बीच हमास ने धमकी दी है कि अगर गाजा पट्टी पर हमले नहीं रुकते हैं तो वह इस्राइली बंधकों की हत्या कर देगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें