इस्राइल में मिला फ्लोरोना का पहला केस।
- फोटो : Social Media
दुनियाभर में कोरोनावायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने कहर मचाया है। इस बीच इस्राइल में अब एक नई बीमारी सामने आई है, जिसे फ्लोरोना (Florona) नाम दिया गया है। बताया गया है कि यह कोरोनावायरस और इन्फ्लुएंजा वायरस के डबल इन्फेक्शन से सामने आई बीमारी है।
इस्राइल अखबार येदियोत अहरोनॉट के मुताबिक, रबिन मेडिकल सेंटर में एक प्रेग्नेंट महिला इसी हफ्ते भर्ती हुई थी। जांच के बाद उसमें डबल इन्फेक्शन पाया गया है। इजराइल का स्वास्थ्य मंत्रालय यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या दोनों वायरस के मिलने से कोई गंभीर बीमारी हो सकती है या नहीं। हालांकि, अधिकारियों ने चौकसी दिखाते हुए अस्पताल में भर्ती बाकी मरीजों की जांच भी शुरू कर दी है।
महिला को नहीं लगी थी कोरोना वैक्सीन
रशिया टुडे (आरटी) वेबसाइट ने डॉक्टरों के हवाले से बताया कि डबल इन्फेक्शन से संक्रमित पाई गई महिला की हालत फिलहाल ठीक है और उसे शुक्रवार तक डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उसे वैक्सीन की एक भी डोज नहीं मिली थी।
गौरतलब है कि इजराइल में इस वक्त कोरोनावायरस के साथ इन्फ्लुएंजा वायरस ने भी कहर बरपाया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में इन्फ्लुएंजा से पीड़ित 1849 मरीजों का इलाज हो चुका है और अभी मरीजों का आना जारी है।
हालांकि, इस बीच इजराइल ने कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से निपटने के लिए कोरोना वैक्सीन की चौथी डोज उतार दी है। देश में पहले ही 70 फीसदी आबादी को बूस्टर डोज लग चुकी है और अब ओमिक्रॉन का सामना करने के लिए इजराइली सरकार लोगों को चौथी डोज लगाने के पक्ष में है।