इस्राइल और हमास के बीच हुए समझौते के तहत शुक्रवार को 13 इस्राइली नागरिकों को हमास की कैद से रिहाई मिली। रिहा होने वाले इस्राइली नागरिकों में नौ साल का बच्चा ओहाद मुंदेर और उसकी मां और दादी भी शामिल है। बच्चे को स्नाइडर मेडिकल सेंटर में रखा गया है। अब स्नाइडर मेडिकल सेंटर ने बच्चे की अपने परिवार से मुलाकात का वीडियो जारी किया है।
परिजनों ने इस्राइली सेना को दिया धन्यवाद
वीडियो में दिख रहा है कि ओहाद जैसे ही अपने पिता को देखता है तो दौड़कर उनसे लिपट जाता है। इस दौरान पिता की खुशी भी देखते ही बन रही है। परिवार के मिलने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दें कि ओहाद के साथ उसकी मां केरेन मुंदेर (55 वर्षीय) और दादी रुती मुंदेर (78 वर्षीय) भी हमास की कैद से रिहा हुई हैं। ओहाद के भाई रॉय जिचरी मुंदेर ने इस्राइल के सभी लोगों को धन्यवाद दिया है और कहा है कि वह आज अपने परिजनों की रिहाई का जश्न नहीं मनाएंगे, जब तक हर बंधक रिहा नहीं हो जाता, तब तक हम जश्न नहीं मनाएंगे। रॉय ने इस्राइली सेना को भी धन्यवाद दिया है।
हमास ने इस्राइल पर लगाए समझौते के उल्लंघन के आरोप
बता दें कि समझौते के तहत शनिवार को हमास ने 13 अन्य इस्राइली बंधकों को रिहा किया है। साथ ही चार थाईलैंड के नागरिकों को भी रिहा किया गया है। इस्राइल और हमास के बीच चार दिनों तक युद्धविराम का समझौता किया है लेकिन इसके टूटने का खतरा बन रहा है। दरअसल हमास का आरोप है कि समझौते के तहत सहायता सामग्री से भरे 340 ट्रकों में से सिर्फ 65 ट्रकों को गाजा में दाखिल होने की मंजूरी दी गई है। हमास का आरोप है कि यह तय संख्या से आधे से भी कम है। वहीं इस्राइल का कहना है कि गाजा में राहत सामग्री संयुक्त राष्ट्र द्वारा वितरण किया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने पुष्टि की है कि राहत सामग्री से भरे 61 ट्रक शनिवार को गाजा पहुंच गए हैं।