उत्तरी इस्राइल में कार्रवाई में जुटा आईडीएफ
- फोटो : ANI
इस्राइल बचाव और जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार
इस्राइली सैन्य प्रवक्ता डेनियल हैगरी ने बताया कि इस्राइली सेना ईरानी हमले का बचाव और जवाबी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
बाइडन ने US सेना को ईरानी मिसाइलों को मार गिराने का दिया आदेश
राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस व्हाइट हाउस सिचुएशन रूम से इस्राइल के खिलाफ ईरानी हमले की निगरानी कर रहे हैं और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से नियमित अपडेट लेरहे हैं। वहीं राष्ट्रपति बाइडन ने अमेरिकी सेना को ईरानी हमलों के खिलाफ इस्राइल की मदद करने और इस्राइल को निशाना बनाने वाली मिसाइलों को मार गिराने का निर्देश दिया है।
भारत ने इस्राइल में भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी
तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने इस्राइल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, इस्राइल में सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों की तरफ से बताए गए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। वहीं किसी भी आपात स्थिति में, कृपया दूतावास की 24x7 हेल्पलाइन पर संपर्क करने के लिए कहा है।
वहीं इससे पहले अमेरिका के एक अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान इस्राइल पर मिसाइल हमले कर सकता है। इसे लेकर अमेरिका ने ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। वहीं अमेरिका की ओर से इनपुट मिलने के बाद इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि हम तैयार हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के हवाले से कहा गया है कि कुछ घंटों में ईरान इस्राइल पर ड्रोन और मिसाइल हमले कर सकता है।
आईडीएफ प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने कहा कि अमेरिका से इनपुट मिला है कि ईरान इस्राइल पर मिसाइल दागने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी इस खतरे का डटकर सामना किया है और अब भी हम इसका सामना करेंगे। आईडीएफ रक्षात्मक और आक्रामक क्षमताओं के साथ तैयार है। वायु सेना आसमान में गश्त कर रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर हम ईरान पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने जनता से आईडीएफ के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
वहीं अमेरिका का कहना है कि हम इस्राइल की मदद करने के लिए तैयार हैं। अमेरिका से इनपुट मिलने के बाद इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस्राइल के लोगों से कहा है कि बड़ी चुनौतियां आने वाली हैं। इसलिए सभी लोग होम कमांड के निर्देशों का पालन करें। साथ ही एक साथ मजबूती से खड़े रहें। उन्होंने कहा कि हम एक साथ खड़े रहेंगे, एक साथ लड़ेंगे और जीतेंगे।
ईरान पर बढ़ रहा दबाव
इस्राइल की ओर से हिजबुल्ला पर की गई कार्रवाई को लेकर ईरान बौखलाया हुआ है। क्योंकि हिजबुल्ला को खड़ा करने में ईरान की भूमिका रही है। हिजुबल्ला प्रमुख की मौत ईरान के लिए बड़ा झटका है। ईरान ने हिजबुल्ला को तैयार करने में 40 साल लगाए हैं और अब ईरान नहीं चाहेगा कि उसकी चालीस साल की मेहनत बर्बाद हो जाए। साथ ही ईरान ने यमन में हूती और सीरिया में भी अपने प्रोक्सी समूह तैयार किए हैं। ईरान पर दबाव है कि वह इस्राइल को मुंह तोड़ जवाब दे। ऐसे में पूरी दुनिया की निगाहें ईरान के अगले कदम पर टिकी हैं।