इंस्पिरेशन4 की टीम का नेतृत्व 38 साल के आइजकमैन ने किया, जो एक ई-कॉमर्स कंपनी के मुखिया हैं। अनधिकृत तौर पर बताया गया कि उन्होंने इस यात्रा की सभी चार सीटों के लिए करीब पौने 15 सौ करोड़ रुपए चुकाए।
- सहयात्रियों में नासा की पूर्व अंतरिक्ष यात्री 51 वर्षीय सायन प्रॉक्टर, बचपन में अस्थि कैंसर रोग से उबर चुकीं 29 साल की हेले आर्सेनॉक्स और पूर्व एयरफोर्स अधिकारी 42 वर्षीय क्रिस सेंब्रोस्की को चुना। आइजकमैन और प्रॉक्टर दोनों पायलट हैं, लेकिन इंस्पिरेशन4 की उड़ान में उनकी भूमिका नहीं थी। इसे जमीन पर मौजूद उड़ान टीमों ने नियंत्रित किया, बाकी काम यान में लगे गाइडेंस सिस्टम ने संभाला। हालांकि पर्यटकों ने 6 महीने का प्रशिक्षण लिया था, ताकि आपात स्थिति में यान को संभाल सकें।
- मिशन के जरिए आइजकमैन का मकसद बच्चों के कैंसर के इलाज के लिए बने सेंट जूड चिल्ड्रन रिसर्च हॉस्पिटल को लेकर फंड जुटाना था। उन्होंने अपने योगदान सहित करीब 1280 करोड़ रुपए रविवार तक जुटा भी लिए।
अटलांटिक में उतरते समय कैप्सूल की गति करीब 25 किमी प्रति घंटा थी। कुछ मिनट बाद स्पेस एक्स की नौकाएं, चिकित्सकों सहित उन्हें निकालने पहुंच गई। हेले सबसे पहले मुस्कुराते हुए बाहर आई। उनके बाद क्रिस व प्रॉक्टर और सबसे आखिर में मिशन कमांडर आइजकमैन निकले। इससे पहले, पृथ्वी के वातावरण में दाखिल होते समय उनके कैप्सूल के बाहर का तापमान करीब 1900 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। मिशन को अंजाम देने वाली एलन मस्क की कंपनी स्पेस--एक्स ने कहा कि यह मिशन साबित करता है कि आज अंतरिक्ष सभी के लिए सुलभ हो चुका है।
टॉयलेट का पंखा खराब
मिशन के दौरान गड़बड़ी भी हुई, हालांकि कंपनी ने इन्हें मामूली बताया। सदस्यों के लिए बनाए टॉयलेट का पंखा कुछ समय खराब रहा। इंजन में लगे एक टेंपरेचर सेंसर ने ठीक से काम नहीं किया। पर्यटकों ने मोशन सिकनेस और शून्य गुरुत्वाकर्षण की वजह से थकान महसूस की।
ऐसी ही छह और उड़ानें प्रस्तावित
स्पेस एक्स द्वारा जल्द ही 6 और उड़ानें भेजी जाएंगी। इनमें चार के लिए बुकिंग हो चुकी है, पर्यटकों ने पैसा भी चुका दिया है। अगले वर्ष के शुरू में कंपनी की पहली अंतरिक्ष उड़ान 3 कारोबारियों को लेकर रवाना होगी। हर कारोबारी ने इस उड़ान के लिए 405 करोड़ रुपए का टिकट लिया है। वहीं अमेजन डॉट कॉम के संस्थापक जैफ बेजॉस और ब्रिटिश अरबपति रिचर्ड ब्रेनसन की अंतरिक्ष पर्यटन कंपनियां ब्लू ओरिजन व वर्जिन गैलेक्टिक भी अंतरिक्ष पर्यटन के लिए परीक्षण उड़ानें पूरी कर चुकी हैं।