पिता ने नहीं की दुष्कर्म में सीबीआई जांच की मांग, हाईकोर्ट सुनाएगा फैसला
पश्चिम बंगाल के मोयनगरी में कक्षा 8 की नाबालिग के खुदकुशी मामले में पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की सीबीआई जांच कराने की मांग नहीं की है। कोलकाता हाईकोर्ट ने पिता से अलग से बात करने के बाद कहा कि वह इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला सुनाएगा।
पीड़ित के पिता की ओर से वरिष्ठ वकील किशोर दत्ता ने चीफ जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव की खंड पीठ को बताया कि उनके मुवक्किल को प्रदेश पुलिस पर पूरा भरोसा है और वह इस मामले की सीबीआई जांच नहीं चाहते। इसके बाद पीठ ने पीड़ित के पिता से अकेले में बात की और जानना चाहा कि वह ऐसा किसी दबाव में तो नहीं कर रहे। पीठ ने अंत में कहा, दुष्कर्म समेत सभी पहलुओं पर गौर करने के बाद ही इस मामले में फैसला सुनाया जाएगा।
दुनिया में भारत की ब्रांडिंग कर सकता सिनेमा : ठाकुर
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वैश्विकरण के दौर में लोकप्रिय सिनेमा से भारत की कूटनीति को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। इस तरह फिल्म समुदाय दुनिया में भारत की अच्छी ब्रांडिंग कर सकता है।
उन्होंने ‘भारतीय सिनेमा और सौम्य शक्ति’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी के समापन समारोह में कहा, दुनिया में तेजी से बढ़ते उदारीकरण, विनियमन, मीडिया और संस्कृति उद्योग के निजीकरण से पिछले कुछ दशकों में भारतीय फिल्म उद्योग में काफी परिवर्तन हुआ है।
साथ ही, वैश्विक डिजिटल मीडिया उद्योग और वितरण प्रौद्योगिकी के विस्तार से भारतीय मनोरंजन उद्योग का दायरा बढ़ा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विश्व मानचित्र पर भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है।
बोडो भाषा के विकास और संवर्धन की जरूरत : कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बोडो साहित्य सभा के वार्षिक सम्मेलन में राज्य सरकार से बोडो भाषा और सहित्य के विकास और संवर्धन के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा।
तमुलपुर में हुए कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने 2004 में बोडो को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने को सुनिश्चित करने में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया।
कहा कि बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम, नागालैंड और बांग्लादेश और नेपाल सहित 35 लाख से अधिक लोग बोडो बोलते हैं। अब तक बोडो भाषा में किए कार्यों को लेकर 17 लेखकों को साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने बोडो भाषा और साहित्य को और समृद्ध करने को कहा। एजेंसी