कई लोग अब भी स्टील प्लांट में फंसे
मैरियूपोल स्टील प्लांट में बमबारी के कारण कई लोग अब भी वहीं पर फंसे हुए हैं। हालांकि 101 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। लेकिन यूक्रेन ने कहा है कि अभी भी कई नागरिक वहां फंसे हुए हैं। रूसी हमले के कारण यहां कई लोग जरूरी चीजों की आपूर्ति न होने के चलते बेहद परेशान हैं।
रूस दूसरे देशों पर हमला नहीं करेगा, ऐसा न समझें
जर्मनी के चांसलर ओलाफ शुल्ज ने चेताया है कि कोई भी देश यह न समझे कि रूस उन पर हमला नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर फिनलैंड और स्वीडन नाटो में शामिल होना चाहेंगे तो जर्मनी इसका समर्थन करेगा। हालांकि दोनों ने इस बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया है।
यूक्रेन युद्ध को रोकने में असफल रही पोप की कूटनीति
यूक्रेन पर रूसी हमले में पोप फ्रांसिस कोई कूटनीतिक छाप नहीं छोड़ पाए। ईस्टर पर युद्धविराम करने की उनकी अपील का कोई असर नहीं हुआ। रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख से उनकी तय बैठक रद्द कर दी गई। वह मॉस्को भी नहीं जा सकते। पोप अपने नैतिक अधिकार, ‘सॉफ्ट पावर’ या मॉस्को से वार्ता के लिए सीधी लाइन होने की सुविधा का इस्तेमाल युद्ध को रोकने या कम से कम संघर्ष विराम के लिए भी नहीं कर सके।
दो यूक्रेनी शहरों पर कब्जे की कोशिश करेगा रूस : ब्रिटेन
ब्रिटिश सेना का कहना है कि रूस पूर्वी यूक्रेन के क्रामातोर्स्क और सेवेरोदोनेत्स्क शहरों पर कब्जा करने की कोशिश करेगा। ब्रिटिश सेना ने बुधवार को युद्ध के बारे में ट्विटर पर दैनिक ब्रीफिंग में यह टिप्पणी की। रक्षा मंत्रालय ने कहा, रूस ने क्षेत्र में बढ़त बनाने की कोशिशों के तहत इजियम के निकट लगभग 22 बटालियन सामरिक समूहों को तैनात कर रखा है। प्रत्येक इकाई में लगभग 800 सैनिक हैं। उसके इजियम की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है।