कर्नाटक के रहने वाले चंद्रशेखर आर्य ने कहा कि रविवार को उनके द्वारा आयोजित दिवाली समारोह में ओटावा, ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र और मॉन्ट्रियल जैसे कई कनाडाई शहरों से भारतीयों की भारी भीड़ देखी गई। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, पार्लियामेंट हिल पर दिवाली की मेजबानी करके मुझे खुशी हुई। हमने इस अवसर का उपयोग पार्लियामेंट हिल पर हिंदू पवित्र प्रतीक ओम का झंडा लगाने के लिए भी किया।
पार्लियामेंट हिल कनाडा की संघीय सरकार का घर है, जहां देशभर के प्रतिनिधि कानून बनाने के लिए इकट्ठा होते हैं जो हर कनाडाई के जीवन को प्रभावित करते हैं। साठ वर्षीय सांसद ने कहा, ओटावा, ग्रटर टोरंटो क्षेत्र, मॉन्ट्रियल औ कई अन्य स्थानों से प्रतिभागियों की शानदार मौजूदगी रही। इस कार्यक्रम को पूरे कनाडा में 67 हिंदू और इंडो कनाडाई संगठनों का समर्थन हासिल था।
उन्होंने आगे कहा, इस साल ज्यादा खुशी इस बात की है कि दिवाली पूरे कनाडा में हिंदू विरासत माह का भी हिस्सा है। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों, स्वयंसेवकों और शानदार सांस्कृतिक प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को मेरा धन्यवाद।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सरे शहर में खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की कथित संलिप्तता का आरोप लगाया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में गंभीर तनाव है। भारत ने निज्जर को 2020 में आतंकवादी घोषित किया था।