नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मंगलवार को नेपाल के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री रवि लामिछाने के साथ दोनों देशों के बीच सुरक्षा तंत्र और छोटे अपराधों के साथ-साथ मानव तस्करी को रोकने के लिए सीमा प्रबंधन को मजबूत करने की आवश्यकता पर चर्चा की है।
दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत करने पर चर्चा
गृह मंत्री सचिवालय के मुताबिक, भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के उप प्रधानमंत्री लामिछाने से शिष्टाचार भेंट की और बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने ऐतिहासिक संबंधों और भौगोलिक निकटता के आधार पर दोनों देशों के बीच गहरे, व्यापक और विविध लोगों के संबंधों को और मजबूत करने के लिए आवश्यक प्रयासों पर चर्चा की है।
सीमा पर सुरक्षा तंत्र मजबूत करने पर जोर
जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों पक्ष इस विचार पर सहमत हुए कि दोनों देशों के बीच खुली सीमा होने के बावजूद दोनों देशों के सुरक्षा तंत्रों के बीच समन्वय और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगानें पर भी चर्चा की गई। साथ ही पश्चिमी नेपाल के भूकंप प्रभावित जाजरकोट और रूक्म पश्चिम जिलों में पुनर्निर्माण कार्यों के लिए अनुदान सहायता प्रदान करने और नेपाल पुलिस को विशेष प्रशिक्षण देने की भारत की इच्छा व्यक्त की है।
कीटनाशकों की खुराक के परीक्षण की भी आवश्यकता
गृह मंत्रालय के मुताबिक, लामिछाने ने भारत से आयातित फलों और सब्जियों में कीटनाशकों की खुराक के परीक्षण के लिए सीमा क्षेत्र में तंत्र का विस्तार करने की आवश्यकता को रेखांकित किया, ताकि उन्हें विश्वसनीय बनाया जा सके। इस अवसर पर, राजदूत श्रीवास्तव ने सुरक्षा को मजबूत करने और आतंकवादी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नेपाल को संसाधन सामग्री प्रदान करने की भारत की इच्छा भी व्यक्त की है।