इस्राइल व फलस्तीन के बीच गाजा पट्टी में एक बार फिर तनाव बढ़ने पर भारत ने चिंता जताई है। इसके साथ ही सभी पक्षों से संघर्ष को बढ़ावा देने से बचने और क्षेत्र में सुरक्षा के हालात को और गंभीर बनने से रोकने की अपील की है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 'मध्य पूर्व की शांति प्रक्रिया' व फलस्तीन के सवाल को लेकर बुलाई गई बैठक में विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय वार्ता फिर शुरू होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि आशा प्रकट की कि इस वार्ता के जरिए इस्राइल व फलस्तीन आपसी विवाद सुलझा लेंगे।
अगस्त माह में भारत ने की परिषद की अध्यक्षता
अगस्त माह में भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता करने वाले श्रृंगला ने कहा कि हम गाजा पट्टी में हालिया तनाव वृद्धि से चिंतित हैं। इससे एक बार फिर युद्धविराम भंग होने और तनाव बढ़ाने वाले कारणों को दूर करने की तत्काल आवश्यकता दर्शाता है। भारत इस संघर्ष से जुड़े सभी पक्षों से युद्धविराम का सम्मान करने और ऐसे कार्यों से परहेज करने का आह्वान करता है जो तनाव को बढ़ा सकते हैं और सुरक्षा स्थिति को खराब कर सकते हैं। हम संयुक्त राष्ट्र व अन्य क्षेत्रीय देशों द्वारा शत्रुता रोकने और एक और सैन्य संघर्ष टालने के लिए किए गए प्रयासों की तारीफ करते हैं। विदेश सचिव ने जोर देकर कहा कि इस्राइल व फलस्तीन के बीच उच्च स्तरीय बातचीत हो ताकि दोनों के बीचे सीधी शांति वार्ता का माहौल बन सके।