पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोमवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड कैमरन के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान पाकिस्तान और ब्रिटेन के बीच हवाई सेवाएं फिर से चालू करने पर चर्चा हुई। इशाक डार ने डेविड कैमरन को पाकिस्तान आने का न्योता भी दिया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोमवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड कैमरन के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान इशाक डार ने ब्रिटेन के लिए पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन की उड़ानों को जल्द से जल्द फिर से शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विदेश कार्यालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि डार ने कहा कि पीआईए की उड़ानें दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में मदद करेंगी।
विज्ञापन
इशाक डार-डेविड कैमरन के बीच फोन पर हुई बातचीत
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों को फोन पर हुई बातचीत में विशेष रूप से पाकिस्तान-ब्रिटेन के बीच पीआईए उड़ानों को जल्द से जल्द फिर से शुरू करने पर विचार किया गया। इस दौरान ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया। डार ने जवाब देते हुए कहा कि हम ब्रिटेन की सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए खासा उत्सुक हैं। बातचीत में पाकिस्तान विदेश मंत्री इशाक डार ने व्यापार और निवेश, लोगों से लोगों के बीच संपर्क और जलवायु मामलों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
डेविड कैमरन को पाकिस्तान आने का दिया न्योता
फोन पर हुई दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बातचीत में अफगानिस्तान और गाजा की स्थिति समेत कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बातचीत के दौरान डार ने कैमरन को सुविधाजनक तारीखों पर पाकिस्तान का दौरा करने के लिए भी आमंत्रित किया। उन्होंने पाकिस्तान-ब्रिटेन संबंधों के महत्व को भी दोहराया और कहा कि दोनों देशों के बीच बहुआयामी सहयोग के साथ दीर्घकालिक, ऐतिहासिक संबंध हैं। विदेश मंत्री ने संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने के लिए उन्नत रणनीतिक साझेदारी समझौते पर जोर दिया।
विज्ञापन
जल्द फिर से ब्रिटेन के लिए शुरू होंगी हवाई उड़ानें- इशाक डार
जुलाई 2020 में उस समय के पाकिस्तान के विमानन मंत्री के आश्चर्यजनक खुलासे के बाद कि कई पीआईए पायलट उचित लाइसेंस के बिना उड़ान भर रहे थे, ब्रिटेन भी पीआईए के उड़ान संचालन को निलंबित करने वाले कई देशों में शामिल हो गया।बातचीत के बाद इशाक डार ने कहा कि ब्रिटेन के लिए पीआईए उड़ानें महीनों में नहीं बल्कि कुछ हफ्तों में फिर से शुरू हो जाएगी।