इस्लामाबाद हाईकोईट ने बुधवार को 19 करोड़ पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में इमरान खान को जमानत दे दी है। बुधवार को अदालत ने खान को जमानत के लिए 10 लाख पाकिस्तानी रुपये का मुचलका जमा करने को कहा। हालांकि, इस आदेश के बावजूद पूर्व प्रधानमंत्री को अदियाला जेल से रिहाई नहीं मिलेगी क्योंकि, सिफर (गुप्त राजनयिक संचार) व एक अन्य मामले में उनकी सजा अभी बरकरार है।
जेल में बंद पूर्व प्रधान मंत्री और उनकी पत्नी पर एक रियल एस्टेट कारोबारी से रिश्वत के रूप में अरबों रुपये की जमीन लेने का आरोप है। हाईकोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने बहस पूरी होने के बाद मंगलवार को फैसला सुरक्षित रख लिया था। पिछले साल दिसंबर में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने अल कादिर यूनिवर्सिटी के नाम पर सैकड़ों एकड़ भूमि के अधिग्रहण के मामले में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक खान, उनकी पत्नी बुशरा बीबी और अन्य के खिलाफ जांच शुरू की थी। यूनिवर्सिटी ट्रस्ट के अनुसार इससे सरकारी खजाने को 19 करोड़ पाउंड का नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि, अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव में सत्ता से हटने के बाद से, खान को सिफर (गुप्त राजनयिक संचार) मामले सहित कम से कम चार मामलों में दोषी ठहराया गया है।
नेपाल और भारत के बीच एक परामर्शी तंत्र स्थापित किया
नेपाल के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री नारायण काजी श्रेष्ठ ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए नेपाल और भारत के बीच एक परामर्शी तंत्र स्थापित किया। तंत्रों ने आपसी सहयोग और साझेदारी को बढ़ाया है। श्रेष्ठ के हवाले से मीडिया रिपोर्ट ने कहा कि व्यापार और पारगमन को सुविधाजनक बनाने के लिए सीमा पार कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। हमें इस नेटवर्क को और विस्तारित और बेहतर बनाने की जरूरत है।
अफगानिस्तान के लिए रूस के विशेष दूत का भारत दौरा
अफगानिस्तान के लिए रूस के विशेष राष्ट्रपति दूत जमीर काबुलोव ने बुधवार को वरिष्ठ भारतीय राजनयिक जेपी सिंह के साथ बातचीत की। काबुलोव भारत की यात्रा पर थे। सिंह अफगानिस्तान के लिए विदेश मंत्रालय के प्रभारी व्यक्ति हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारत-रूस ने आज नई दिल्ली में अफगानिस्तान पर द्विपक्षीय चर्चा की।
स्कॉट मॉरिसन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच इंडो-पैसिफिक में चीनी दावों पर चर्चा
ट्रंप और मॉरिसन (फाइल)
- फोटो : एएनआई
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक की । दोनों के बीच हिंद प्रशांत क्षेत्र में जारी चीनी दावों और ताइवान से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच ऑस्ट्रेलिया-अमेरिका संबंधों पर भी बात हुई। मॉरिसन ने कहा कि ट्रंप से उनके निजी आवास पर दोबारा मिलना अच्छा लगा।