अमेरिका के अलबामा प्रांत में अंतरराज्यीय मार्ग-65 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक वैन में सवार गोद लिए आठ बच्चों समेत 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के दौरान कुल 17 वाहन आपस में भिड़ गए। इनमें से कई कारों में आग लग गई।
अलबामा प्रांत की बटलर काउंटी के कोरोनर वेन गारलॉक ने बताया कि शनिवार को मोंटगोमरी के दक्षिण की ओर करीब 55 किलोमीटर दूर कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसा संभवत: सड़कों पर फिसलन के कारण हुआ। इस हादसे में एक वैन में सवार 8 बच्चों की मौत हो गई। इनकी उम्र चार से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। यह वैन दुर्व्यवहार अथवा उपेक्षा का शिकार हुए बच्चों के लिए अलबामा शेरिफ एसोसिएशन द्वारा संचालित एक आश्रय स्थल की थी।
गर्मी की छुट्टी मनाकर लौट रहे थे बच्चे
वैन में सवार बच्चे गल्फ में गर्मी की छुट्टियां मनाकर आश्रय गृह लौट रहे थे, तभी हादसे के शिकार हो गए। माना जा रहा है कि अलबामा में ऊष्णकटिबंधीय चक्रवाती तूफान क्लाउडेट के कारण हुए हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई। इसकी वजह से अचानक आई बाढ़ के कारण दर्जनों घर नष्ट हो गए। अंतरराज्यीय मार्ग पर हुए हादसे की वजह भी तूफान मानी जा रही है।
एक अन्य वाहन में भी एक व्यक्ति व नौ माह की बेटी की मौत
हादसों के शिकार हुए वाहनों में से एक अन्य वाहन में एक व्यक्ति और उसकी नौ महीने की बच्ची की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। इस बीच, टस्कलोसा शहर में एक मकान पर एक पेड़ गिरने से 24 वर्षीय एक व्यक्ति और तीन वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई।
मिसीसिपी खाड़ी क्षेत्र में 30 सेंटीमीटर तक बारिश
तूफान के कारण मिसीसिपी खाड़ी तटीय क्षेत्र में 30 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। डब्ल्यूबीआरसी-टीवी' ने अपनी खबर में बताया कि बर्मिंघम में एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि वह व्यक्ति अचानक आई बाढ़ के दौरान पानी में गिर गया था।
तूफान की वजह से हुई मूसलाधार बारिश के चलते उत्तरी जॉर्जिया, दक्षिण कैरोलिना के अधिकतर हिस्सों, उत्तरी कैरोलिना तट और दक्षिणपूर्व अलबामा के कुछ हिस्सों और फ्लोरिडा पैनहैंडल में रविवार को अचानक बाढ़ आ गई। राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने परामर्श जारी करके कहा कि सोमवार की शुरुआत में, क्लाउडेट के कारण अधिकतम 35 मील प्रति घंटे (55 किलोमीटर प्रति घंटे) की रफ्तार से निरंतर हवाएं चलीं।
पूर्वी उत्तरी कैरोलिना के ऊपर सोमवार सुबह बने एक दबाव के एक उष्णकटिबंधीय तूफान में बदलने का अनुमान जताया गया था। क्लाउडेट इसके बाद अटलांटिक महासागर की ओर बढ़ेगा और फिर मंगलवार को नोवा स्कोटिया की ओर बढ़ेगा। जॉर्जिया और उत्तरी एवं दक्षिणी कैरोलिना के कुछ हिस्सों में लगभग एक से तीन इंच (तीन से आठ सेंटीमीटर) बारिश होने का अनुमान है।