अमेरिका के दक्षिण कैलिफोर्निया में शेरिफ के एक सहयोगी (डिप्टी) का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह आत्मसमर्पण कर रहे एक संदिग्ध के सिर पर लात मारते हुए दिख रहा है। 'द सन' समाचार पत्र की खबर में शनिवार को बताया गया कि इस वीडियो के सामने आने के बाद सैन बर्नार्डिनो काउंटी डिप्टी के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की गई है। डिप्टी का नाम उजागर नहीं किया गया है और उसे प्रशासनिक अवकाश पर भेज दिया गया है।
शेरिफ जॉन मैकमोहन ने कहा, 'यह घटना चिंता पैदा करती है। मैं उम्मीद करता हूं कि मेरे प्रतिनिधि पेशेवर रवैया अपनाएं।' खबर के अनुसार वीडियो में संदिग्ध बुधवार को एक मोटरसाइकिल चलाता दिख रहा है। वह जब यातायात पुलिस के कहने के बावजूद नहीं रुका, तो डिप्टी शेरिफ ने विक्टरविले के निकट इंटरस्टेट 15 पर उसका पीछा किया। संदिग्ध अंतत: बचने के लिए अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर एक कार के नीचे छिपता हुआ दिखा।
'टीएमजेड' नामक एक वेबसाइट पर उपलब्ध इस घटना के वीडियो में दिख रहा है कि आखिरकार बचने का कोई रास्ता न देखकर संदिग्ध कार के नीचे से निकलता है और अपने हाथ ऊपर हवा में उठा लेता है और फिर अपने घुटनों के बल बैठ जाता है। तभी डिप्टी शेरिफ वहां पहुंचते हैं और संदिग्ध के सिर पर दो बार लात मारते हुए दिखाई देते हैं।। रिपोर्ट के अनुसार मोटरसाइकिल चालक की पहचान 33 वर्षीय विली जोन्स के रूप में की गई है।