डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस के अमेरिका में प्रचार अभियान के तहत मतदाताओं को ये याद दिलाया जाएगा, कि वो कौन हैं? एक योद्धा जो कभी भी अमेरिकी लोगों की ओर से शक्तिशाली और विशेष हितों का सामना करने से नहीं डरती है।
प्रचार पर कमला हैरिस खर्च कर रहीं करोड़ों
बता दें कि राज्यों में चलने वाले 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर के पेड मीडिया अभियान में मिल्वौकी में कमला हैरिस की पहली रैली के फुटेज दिखाए गए हैं। इस एक मिनट के विज्ञापन में कैलिफोर्निया में एक कोर्टरूम अभियोजक के रूप में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया है। जिसका शीर्षक है एक चीज जो कमला हैरिस हमेशा से रही हैं: निडर।
19 से 22 अगस्त तक डेमोक्रेटिक पार्टी का कन्वेंशन
दरअसल डेमोक्रेटिक पार्टी 19 से 22 अगस्त तक शिकागो में अपना राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगी और 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन नेता और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को अपना उम्मीदवार नामित करने वाली है।
सबको आगे बढ़ने का अवसर मिले- हैरिस
कमला हैरिस ने इस विज्ञापन में कहा कि, यह अभियान इस बारे में है कि हम किसके लिए लड़ते हैं। हम ऐसे भविष्य में विश्वास करते हैं, जहा हर व्यक्ति को न केवल गुजर-बसर करने का बल्कि आगे बढ़ने का अवसर मिले। जहाँ हर वरिष्ठ नागरिक सम्मान के साथ सेवानिवृत्त हो सके।
जो बाइडन ने किया था कमला हैरिस का समर्थन
21 जुलाई को, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की थी और उन्होंने नवंबर के आम चुनावों के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपनी साथी कमला हैरिस का समर्थन किया था।
वहीं हैरिस फॉर प्रेसिडेंट अभियान की अध्यक्ष जेन ओ'मैली डिलन ने कहा कि एक अदालती अभियोजक, अटॉर्नी जनरल, संयुक्त राज्य अमेरिका के सीनेटर और अब उपराष्ट्रपति के रूप में अपने पूरे करियर के दौरान, कमला हैरिस हमेशा अमेरिकी लोगों की ओर से गुंडों, अपराधियों और विशेष हितों के खिलाफ खड़ी हुई हैं - और उन्होंने उन्हें हराया है।