इटली के पुगलिया में दक्षिणी इतालवी तटीय रिसॉर्ट बोर्गो एग्नाजिया में जी7 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह ऐसे वक्त में हो रहा है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध तीसरे साल में दाखिल हो रहा है और गाजा में हमास के खिलाफ इस्राइल की लड़ाई से मानवीय संकट उठ खड़ा हुआ है। नतीजन सम्मेलन से दुनिया के ताकतवर नेतृत्व की उम्मीद पाली जा रही। इन सब के बीच इटली की 47 साल की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी सबसे ताकतवर नेता बनकर उभरी हैं।
यूरोपीय चुनावों में उनकी पार्टी के शानदार प्रदर्शन ने उनकी धमक पूरी दुनिया में दिखा दी है। बिग 7 संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के नेताओं के बीच केवल एक ही नाम गूंज रहा है और है मेलोनी-मेलोनी। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत वायरल हो रहा है, इसमें प्रधानमंत्री मेलोनी सभी अतिथियों का अभिवादन कर रही हैं।
मामला है गुरुवार का। जब जही7 के सदस्य देशों के शीर्ष नेता शिखर सम्मेलन के लिए इटली पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री मेलोनी ने सभी स्वागत किया। अब इसकी चर्चा ज्यादा हो रही है, क्योंकि पीएम मेलोनी इस दौरान कुछ खास अंदाज में दिखीं। उन्होंने अतिथियों का स्वागत हाथ जोड़कर नमस्ते के साथ किया।
बता दें कि जी-7 शिखर सम्मेलन के कुछ प्रमुख एजेंडा में रूस-यूक्रेन संघर्ष, इजराइल-हमास युद्ध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जलवायु परिवर्तन शामिल हैं। यूक्रेन, ब्राजील, अर्जेंटीना, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, केन्या, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया और मॉरिटानिया के नेता भी इस वैश्विक शिखर सम्मेलन में प्रतिभाग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन का भारतीय पारंपरिक तरीके से अभिवादन करती दिख रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इटली पहुंच चुके हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार पदभार संभाला है, यह उनकी तीसरे कार्यकाल में पहली विदेश यात्रा है। भारत को एक आउटरीच देश के रूप में इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।