संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष टीएस तिरुमूर्ति
- फोटो : ANI
भारत ने म्यांमार के विषय पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के बंद कमरे में हुई एक बैठक की अध्यक्षता की और दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) की पांच बिंदुओं पर बनी सर्वसम्मति का स्वागत किया। यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मौजूदा अध्यक्ष टीएस तिरुमूर्ति ने कहा, भारत आसियान दूत की म्यांमार के लिए जल्द होने वाले दौरे को लेकर उत्सुक है।
बता दें कि तिरुमूर्ति यूएनएससी के मौजूदा अध्यक्ष भी हैं जिनके नेतृत्व में म्यांमार पर सुरक्षा परिषद के बंद कमरे में बैठक हुई। उन्होंने कहा, वे म्यांमार के लिए आसियान के विशेष दूत एवं ब्रुनेई के विदेश मंत्री दारुस्सलाम दातो एरिवन यूसुफ द्वारा दिए गए विवरणों की सराहना करते हैं।
आसियान की पांच बिंदुओं पर बनी आम सहमति में कहा गया है कि म्यांमार में हिंसा फौरन रोकी जाएगी और सभी पक्ष अत्यधिक संयम बरतेंगे तथा लोगों के हित में शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच सार्थक वार्ता होगी।
तिरुमूर्ति ने कहा, भारत आसियान की ‘पांच सूत्री आम सहमति’ का स्वागत करता है और वह आसियान दूत के म्यांमार में होने वाले दौरे को लेकर उत्सुक है। उन्होंने कहा कि यदि आसियान देशों के प्रयासों से म्यांमार में शांति बहाली होती है और लोगों को न्याय मिलता है तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।