ब्रिटेन के वेस्ट मिडलैंड के एक प्रसिद्ध गुरुद्वारे पर 20 से 30 कृपाणधारी सिखों के कब्जा कर लेने के बाद रविवार को वहां की स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आठ घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गुरुद्वारे में जबर्दस्ती घुसे 55 लोगों को गिरफ्तार कर उसके चारों तरफ पुलिस की तैनाती कर दी। गुरुद्वारे में एक सिख और एक गैर सिख युगल के शादी करने के कारण यह तनावपूर्ण स्थिति बनी है।
मामले को बातचीत से सुलझाने के लिए वर्कशायर पुलिस के विशेष प्रशिक्षित अधिकारी लीमिंगटन स्पा शहर के इस गुरुद्वारा के भीतर मौजूद बताए जा रहे हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि स्थानीय समयानुसार सुबह 6.47 बजे गुरुद्वारे में 20 से 30 कृपाणधारी सिखों के कब्जा करने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि कुछ सिखों के पास कृपाण हैं और इसे देखते हुए सशस्त्र पुलिस की तैनाती की गई है।