फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान में भूकंप: बलूचिस्तान में तड़के कांपी धरती, 22 की मौत, 300 घायल, 6.0 रही तीव्रता

Thu, 07 Oct 2021 06:36 AM IST
योगेश साहू वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद।

सार

भूकंप से सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र बलूचिस्तान का सुदूर पहाड़ी शहर हरनाई है, जहां पक्की सड़कों, बिजली और मोबाइल फोन कवरेज की कमी की वजह से राहत-बचाव के प्रयास में बाधा आ रही है।
विज्ञापन
भूकंप - फोटो : iStock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान गुरुवार तड़के 3.30 बजे भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। आपदा प्रबंधन के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार भूकंप की वजह से 22 लोगों की मौत हुई है। 300 लोग घायल हुए हैं।

विज्ञापन


नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, पाकिस्तान के हरनाई के 14 किमी उत्तर-पूर्व में आज सुबह लगभग 3:30 बजे 6.0 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं न्यूज एजेंसी एएफपी ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों के हवाले से कहा कि दक्षिणी पाकिस्तान में आए भूकंप में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है।


विज्ञापन


प्रांतीय सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी सुहैल अनवर हाशमी ने एएफपी को बताया कि छत और दीवारें गिरने से कई लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि मृतकों में एक महिला और छह बच्चे शामिल हैं। 300 घायलों में से कई की हालत गंभीर है।

प्रांतीय गृह मंत्री मीर जिया उल्लाह लांगौ ने कहा, 'हमें सूचना मिली है कि भूकंप के कारण 22 लोगों की मौत हुई है। राहत व बचाव के प्रयास जारी हैं।' बलूचिस्तान के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख नसीर नासर ने एएफपी को बताया कि मृतक संख्या बढ़ सकती है। 

बलूचिस्तान के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख नसीर नासर ने एएफपी को बताया कि भूकंप से सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र बलूचिस्तान का सुदूर पहाड़ी शहर हरनाई है, जहां पक्की सड़कों, बिजली और मोबाइल फोन कवरेज की कमी की वजह से राहत-बचाव के प्रयास में बाधा आ रही है।

बलूचिस्तान की प्रांतीय राजधानी क्वेटा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 5.9 थी और यह तड़के तीन बजे के करीब 20 किलोमीटर (12 मील) की गहराई में आया। पाकिस्तान की सीमा जहां तक फैली है वहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट मिलते हैं, जिससे पाकिस्तान भूकंप के लिए अतिसंवेदनशील हो जाता है।

अक्तूबर 2015 में, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में 7.5-तीव्रता वाले भूकंप ने ऊबड़-खाबड़ इलाकों में लगभग 400 लोगों की जान ले ली थी। पहाड़ी इलाकों की वजह से वहां राहत प्रयासों में बाधा आई थीं।
विज्ञापन


इससे पहले पाकिस्तान में आठ अक्टूबर, 2005 को 7.6 तीव्रता का भूकंप भी आया था, जिसमें 73,000 से अधिक लोग मारे गए थे और लगभग 35 लाख बेघर हो गए थे।

इसलिए आते हैं क्षेत्र में भूकंप
पाकिस्तान की भौगोलिक मौजूदगी भारतीय और यूरेशियाई 'टेक्टोनिक प्लेटों' के बीच है और सिंधु-त्सांगपो सिवनी क्षेत्र पर स्थित है, जो 'हिमालय फ्रंट' से करीब 200 किमी उत्तर में है। इस स्थिति में यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से अतिसंवेदनशील है। इससे पहले आठ अक्तूबर 2005 को आए भीषण भूकंप में 74,000 से अधिक लोग मारे गए थे। इस साल 13 फरवरी को पाक में 6.4 की तीव्रता का भूकंप आया था जबकि 23 जून को 4.5 की तीव्रता का भूकंप आ चुका है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें