फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका: रिपब्लिकन पार्टी में जो डोनाल्ड ट्रंप चाहें, वही होगा! समर्थकों ने आयोजित की रैली

Sat, 18 Sep 2021 04:00 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन

सार

रिपब्लिकन पार्टी पर ट्रंप का दबदबा किस हद तक कायम है, इसकी एक मिसाल इसी गुरुवार को देखने को मिली, जब अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में ओहायो राज्य से रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य एंथनी गोंजालेज ने अगला चुनाव ना लड़ने का एलान किया। गोंजालेज ने इस साल ट्रंप के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था...
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाशिंगटन में डोनाल्ड ट्रंप समर्थकों ने फिर से अपनी रैली आयोजित कर ये संकेत दिया है कि पूर्व राष्ट्रपति के नेतृत्व में उनका भरोसा अडिग है। ये रैली बीते छह जनवरी को कैपिटॉल हिल (अमेरिकी संसद भवन) पर हुए ट्रंप समर्थकों के हमले के बाद गिरफ्तार लोगों के समर्थन में आयोजित की गई है। छह जनवरी की घटना के सिलसिले में छह सौ से ज्यादा ट्रंप समर्थकों पर मुकदमा चल रहा है। ट्रंप समर्थकों ने ये रैली ‘जस्टिस फॉर जनवरी-6’ के बैनर तले आयोजित की है।

विज्ञापन


पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार रात (भारतीय समय के अनुसार) आयोजित रैली में भाग न लेने का एलान किया है। ऊपरी तौर पर उन्होंने संकेत दिया है कि वे इस रैली के आयोजन के पक्ष में नहीं हैं। ट्रंप ने कहा है कि ये रैली उनके लिए हर हाल में नुकसान का सौदा होगी। उन्होंने कहा- ‘अगर ज्यादा लोग रैली में नहीं आए, तो कहा जाएगा कि ट्रंप समर्थकों में अब वह दम नहीं है और अगर ज्यादा लोग पहुंचे, तो उनका उत्पीड़न किया जाएगा।’ लेकिन छह जनवरी की घटना को लेकर गिरफ्तार लोगों के बारे में ट्रंप ने कहा- ‘मैं पूरे मनोयोग से उन लोगों के साथ हूं, जिन्हें अनुचित ढंग से सताया जा रहा है।’

रैली को देखते हुए वाशिंगटन में जोरदार घेराबंदी की गई है। खबरों के मुताबिक ट्रंप भले खुद रैली में न आएं, लेकिन उनके समर्थकों के बड़ी संख्या में इसमें आने की संभावना है। कई ऐसे रिपब्लिकन नेताओं ने इसमें आने का एलान किया है, जो अगले साल होने वाले संसदीय या गवर्नर चुनावों में पार्टी की उम्मीदवारी पाने की कोशिश में हैं। ट्रंप का समर्थन उम्मीदवारी पाने के लिहाज से महत्वपूर्ण बना हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रिपब्लिकन पार्टी पर ट्रंप का दबदबा किस हद तक कायम है, इसकी एक मिसाल इसी गुरुवार को देखने को मिली, जब अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में ओहायो राज्य से रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य एंथनी गोंजालेज ने अगला चुनाव ना लड़ने का एलान किया। गोंजालेज ने इस साल ट्रंप के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था। इससे ट्रंप समर्थक उनसे खफा हो गए थे। इसलिए अगले चुनाव में उनके जीतने की संभावना कम मानी जा रही थी।

टीवी चैनल एनबीसी की वेबसाइट पर छपे एक विश्लेषण में कहा गया है कि राष्ट्रपति चुनाव हारने के लगभग दस महीनों के बाद भी ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के दिल और आत्मा पर राज कर रहे हैं। कई राज्यों में पार्टी की तरफ से सीनेट या हाउस के चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए ट्रंप का समर्थन हासिल करना निर्णायक महत्व का बन गया है। ट्रंप जॉर्जिया, एरिजोना और न्यू हैंपशर जैसे उन राज्यों पर खास ध्यान दे रहे हैं, जहां अगले साल संसदीय चुनाव में कांटे की टक्कर होनी है।

एंथनी गोंजालेज ने चुनाव न लड़ने का एलान करते हुए कहा- ‘राजनीतिक रूप से, खास कर हमारी पार्टी में, माहौल इतना जहरीला हो गया है कि उसमें आप खुश नहीं रह सकते। ऐसा लगता है कि अगले दो साल या संभवतया चार साल तक हम इसी दिशा में चलते रहेंगे। ट्रंप चंदा उगाहने और राजनीतिक पहुंच के लिहाज से केंद्रीय शख्सियत बने रहेंगे। ये ऐसी बात है, जिसका मैं हिस्सा नहीं बनना चाहता।’ 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें