ट्रंप ने कहा कि 'मुझे इसकी जरूरत नहीं है। मैं पहले ही दो बहस में भाग ले चुका हूं। मैंने बहस के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया और मुझे लगता है कि अगर मैं अच्छे मूड में हुआ तो फिर से ये हो सकता है, लेकिन अभी मुझे इस बारे में नहीं पता।'
कमला हैरिस के साथ राष्ट्रपति पद की दूसरी बहस से इनकार के एक दिन बाद ही डोनाल्ड ट्रंप ने यूटर्न लिया है। दरअसल अब उन्होंने कहा है कि अगर वह कभी अच्छे मूड में होंगे तो कमला हैरिस के साथ दूसरी बहस भी कर सकते हैं। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर साझा एक पोस्ट में हैरिस के साथ दूसरी राष्ट्रपति पद की बहस से इनकार किया था।
विज्ञापन
ट्रंप ने कमला हैरिस के साथ दूसरी बहस पर क्या कहा
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह कमला हैरिस के साथ फिर से बहस में भाग लेंगे तो ट्रंप ने कहा कि 'मुझे इसकी जरूरत नहीं है। मैं पहले ही दो बहस में भाग ले चुका हूं। मैंने बहस के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया और मुझे लगता है कि अगर मैं अच्छे मूड में हुआ तो फिर से ये हो सकता है, लेकिन अभी मुझे इस बारे में नहीं पता। अभी मैं आगे चल रहा हूं।' ट्रंप ने दावा किया कि कमला हैरिस के साथ बहस में उनकी जीत हुई थी और कुछ पोल्स में ये दिखाया भी गया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर लिखा कि 'जब कोई हार जाता है तो हारने के बाद उसके मुंह से पहला शब्द निकलता है कि 'मैं एक और मैच खेलना चाहता हूं। पोल्स साफ बता रहे हैं कि कॉमरेड कमला हैरिस के साथ बहस में मेरी जीत हुई और उसके बाद कमला हैरिस ने तुरंत दूसरी बहस की मांग कर दी।' ट्रंप ने अवैध अप्रवासन के मुद्दे पर एक बार फिर जो बाइडन और कमला हैरिस प्रशासन को निशाने पर लिया।
विज्ञापन
'ओहायो से बड़े पैमाने पर करेंगे निर्वासन'
डोनाल्ड ट्रंप ने वादा किया है कि अगर वह राष्ट्रपति चुने जाते हैं तो ओहायो के स्प्रिंगफील्ड से बड़े पैमाने पर निर्वासन किया जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप और हैरिस की बहस के बाद ओहायो शहर चर्चा में है क्योंकि बहस के दौरान ट्रंप ने दावा किया था कि ओहायो में अवैध अप्रवासी पालतू जानवरों को मारकर खाते हैं। रिपब्लिकन पार्टी से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जेडी वेंस ने भी ऐसा ही दावा किया था। अब एक बार फिर ट्रंप ने कहा है कि 'हम स्प्रिंगफील्ड से बड़े पैमाने पर अवैध लोगों को निर्वासित करेंगे। हम इन लोगों को बाहर निकालेंगे और वापस वेनेजुएला भेजेंगे।'