अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
- फोटो : ANI
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात नहीं की है और न ही उनकी ऐसा करने की कोई योजना है।
ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'नहीं, मैंने उनसे बात नहीं की है। मेरी उनसे बात करने की कोई योजना नहीं है।' उन्होंने कोरोना वायरस को चीन से बाहर फैलने से रोकने में उसकी नाकामी पर आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा, 'इसमें कोई दोराय नहीं है कि हम संक्रमण को छिपाने और इसे दुनियाभर में फैलाने के लिए चीन को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराते हैं। इसे रोका जा सकता था। उन्हें इसे रोकना चाहिए था।' वह इस मुद्दे पर चीन का पक्ष लेने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) पर भी बरसे। ट्रंप ने कहा कि वे वास्तव में चीन की कठपुतली थे।
साथ ही ट्रंप ने कई देशों से चीन की हुवावे कंपनी की सेवा ना लेने की अपील की। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हुवावे कंपनी की सेवा लेने से सुरक्षा का एक बड़ा खतरा सामने आ सकता है। इससे पहले ब्रिटेन भी चीनी कंपनी हुवावे का इस्तेमाल ना करने का एलान कर चुका है।