भारत के बाद अब डेंगू ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की भी चिंता बढ़ा दी है। यहां तेजी से डेंगू लोगों को अपना शिकार बना रहा है। बढ़ते संक्रमण ने स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, इस्लामाबाद में स्थिति बिगड़ती ही जा रही है। यहां पिछले 24 घंटे के अंदर 152 नए मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जाइम जिया ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सामने आए मामलों को मिलाकर अब जिले में कुछ 1801 डेंगू के मरीज हो गए हैं। इससे पहले 13 अक्तूबर को 125 मामले सामने आए थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण का ज्यादा खतरा
अधिकारियों का कहना है कि पिछले 24 घंटों में सामने आए 152 नए मामलों में 84 संक्रमित ग्रामीण क्षेत्रों के हैं तो 68 शहरी क्षेत्र में मरीज पाए गए हैं। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण का खतरा ज्यादा है। क्योंकि, स्वास्थ्य सुविधाएं न होने के कारण यहां पर लोगों को इलाज के लिए बाहर आना पड़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ताजा मामले सामने आते ही अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
भारत में बिगड़े हुए हैं हालात
भारत में भी डेंगू के कारण हालात काफी खराब हैं। कई राज्यों में आए दिन सैंकड़ों की संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं, जिससे तो मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि संभालना मुश्किल हो रहा है। इस बीच कई राज्यों में मरीजों की मौत भी डेंगू के कारण हो चुकी है।