कोरोना महामारी के दौरान उत्पादन और वितरण सप्लाई चेन टूटने के कारण बहुत सी जरूरी चीजों की कमी दुनिया भर के देशों में अभी तक महसूस की जा रही है। इन वजहों से इनमें से कई वस्तुओं के दाम भी चढ़े हुए हैं। लेकिन ये अंदाजा कम लोगों को होगा अभी जिन चीजों की कमी या महंगाई देखने को मिल रही है, उनमें आलीशान महल, याच (विलासितापूर्ण क्रूज नौकाएं), महंगी घड़ियां और प्राइवेट जेट (विमान) भी शामिल हैं। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस महंगाई का असर सबसे धनी तबकों पर पड़ा है।
धनी लोगों को ये हैं शिकायतें
कुछ समय पहले अमेरिकी अखबार लॉस एंजिल्स टाइम्स ने एक रिपोर्ट में बताया था कि महामारी के दौरान याच के कारोबार में कैसी खुशहाली आई। अब एक दूसरी रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका में जहां आम लोग रोजमर्रा की चीजों की महंगाई से परेशान हैं, वहीं सबसे धनी लोगों के बीच याच या प्राइवेट जेट मनचाहे ढंग से ना मिल पाने की शिकायत आम है।
पर्यवेक्षकों ने ध्यान दिलाया है कि 2020 एक ऐसा साल रहा, जब दुनिया में आर्थिक गैर-बराबरी तेजी से बढ़ी। हर साल वैश्विक धन के बारे में रिपोर्ट तैयार करने वाली एजेंसी क्रेडिट सुइसे ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा था कि 2020 में महामारी के दौरान सबसे धनी लोगों के धन में और भी तेज गति से बढ़ोतरी हुई। साथ ही अल्ट्रा रिच लोगों की श्रेणी में नए लोगों के शामिल होने की दर 20 साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई।
पर्यवेक्षकों के मुताबिक इसका ही असर है कि उच्च विलासिता की वस्तुओं और सेवाओं की मांग पिछले डेढ़ साल में तेजी से बढ़ी है। इसकी वजह से इन चीजों की अभूतपूर्व महंगाई देखने को मिल रही है। साथ ही इनका अभाव भी देखने को मिल रहा है। विमानन कंसल्टेंसी की सेवा देने वाली एजेंसी अर्गस इंटरनेशनल ने अमेरिकी पत्रिका फॉर्च्यून को बताया कि अभी प्राइवेट विमानों की जितनी मांग है, उतनी इतिहास में कभी नहीं रही। अमेरिका में पिछले महीने ऐसे विमानों के जरिए 3,23,000 से ज्यादा उड़ानें भरी गईं।
प्राइवेट जहाज खरीदने के लिए कतार
दुनिया में प्राइवेट विमान बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी नेटजेट्स है। अगर्स इंटरनेशनल के मुताबिक वह अभी बढ़ी मांग को पूरा करने में खुद को अक्षम पा रही है। मांग बढ़ने पर सबसे पहले उसने कीमत बढ़ाई। उसके बाद उसने जेट बिक्री की सीमा तय कर दी। इस एजेंसी के मुताबिक अगर आपके पास पैसा है, तो प्राइवेट विमान खरीदने की वेटिंग में लिस्ट आप नाम दर्ज करा सकते हैं। लेकिन फिलहाल आपका नाम 1,500 से अधिक लोगों के बाद आएगा।
वेबसाइट एक्सियोस.कॉम की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि कलाकृतियों के बाजार पर अगर आप ध्यान दें, तो वहां भी अति धनी लोगों के बीच होड़ नजर आएगी। इस रिपोर्ट के मुताबिक सोदबी की एक नीलामी में एक पेंटिंग 32 लाख डॉलर में बिकी। ये कीमत इसके दाम के बारे में शुरुआत में लगाए गए अनुमान से दस गुना ज्यादा है। ऐसे लोगों की वजह से ही क्रिप्टोकरेंसी के भाव में भी लगातार उछाल आता गया है।